sports
U19 एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सहवाग की एंट्री, जानें वैभव किस नंबर पर?

Aryaveer Sehwag: भारतीय क्रिकेट के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने बल्ले से धमाल मचा दिया है. यूएई के खिलाफ मुकाबले में आर्यवीर ने 160 रन की शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया. उन्होंने अपनी इस पारी में मैदान के चारों तरफ आकर्षक शॉट लगाए और भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इस शतकीय पारी के साथ ही आर्यवीर ने अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों की सूची में अपनी जगह बना ली है. वहीं इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी नाम पहले से दर्ज है.
168 गेंदों में ठोके 160 रन
यूएई के खिलाफ आर्यवीर सहवाग शुरुआत में काफी संघर्ष करते नजर आए. उन्होंने अपनी पहली 13 गेंदों पर एक भी रन नहीं बनाया. इसके बाद 14वीं गेंद पर अपना खाता खोला. हालांकि, शुरुआत धीमी रहने के बावजूद आर्यवीर ने धैर्य नहीं खोया और धीरे-धीरे अपनी लय हासिल कर ली.
एक बार क्रीज पर जमने के बाद आर्यवीर ने यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. शतक लगाने के बाद भी उनका आक्रामक अंदाज जारी रहा और वह लगातार बड़े शॉट खेलते रहे. आखिरकार आर्यवीर 168 गेंदों पर 160 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 17 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 95.24 का रहा.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 3 प्लेयर्स को BCCI देती है ग्रेड A की सैलरी, जानें किस ग्रेड में है रोहित-कोहली का नाम; देखें पूरी लिस्ट
अंडर-19 एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले 8वें बल्लेबाज बने
आर्यवीर सहवाग ने 160 रन की पारी खेलकर अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वह इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं.
अंडर-19 एशिया कप में सबसे बड़ी पारियां खेलने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
इस सूची में पहले स्थान पर अभिज्ञान कुंडू हैं, जिन्होंने 209 रन की नाबाद पारी खेली थी. वहीं, बांग्लादेश के सौम्या सरकार भी 209 रन बना चुके हैं. भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस सूची में छठे स्थान पर हैं. उन्होंने अंडर-19 एशिया कप में 171 रन की पारी खेली थी.
ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
पाकिस्तान के खिलाफ नहीं चला था आर्यवीर का बल्ला
अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उन्होंने नेपाल के खिलाफ पहले मुकाबले में नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेली थी. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 40 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए.
हालांकि, यूएई के खिलाफ 160 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर उन्होंने जोरदार वापसी की है. आर्यवीर की इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि उनमें बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने की क्षमता है. अब क्रिकेट फैंस की नजरें टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: तिलक वर्मा IN, शुभमन गिल OUT, आखिरी 2 वनडे के लिए कैसा है टीम इंडिया का स्क्वॉड? देखें लिस्ट