Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आरोपी महिला की जगह गर्भवती बहन को थाने लाई पुलिस:करवाचौथ पर गलत कार्रवाई से परिजनों में आक्रोश; ASP की जांच में गलती सामने आई

INT News29 October 2026 at 04:56 pm

नीमच सिटी थाना पुलिस पांच महीने पुराने विवाद के मामले में आरोपी महिला नेहा यादव की जगह उसकी 7 महीने की गर्भवती बहन जया यादव को पकड़कर थाने ले आई। गुरुवार को करवा चौथ के दिन हुई इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर विरोध जताया। मामला एसपी राजेश व्यास के संज्ञान में आने पर एएसपी हेमलता अग्रवाल ने जांच की। आधार के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में महिला की पहचान जया यादव के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मकान को लेकर पांच महीने पहले हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, नीमच सिटी थाना क्षेत्र की यादव मंडी स्थित स्कीम नंबर 10 में रहने वाले दीपक यादव का करीब पांच महीने पहले पड़ोसी सुधांशु यादव से मकान को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में नीमच सिटी पुलिस ने दीपक यादव और उनके परिवार के 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। दीपक यादव की दो बेटियां हैं। दोनों की शादी मालखेड़ा गांव में हुई है और दोनों बहनें एक ही घर में ब्याही हैं। इस मामले में पुलिस को नेहा यादव की तलाश थी। नेहा की जगह बहन जया को थाने ले आई पुलिस गुरुवार को नीमच सिटी थाने में पदस्थ एसआई मदनलाल सिंगार पुलिस टीम के साथ मालखेड़ा पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने पहचान की पुख्ता जांच किए बिना नेहा यादव की जगह उसकी बहन जया यादव को पकड़ लिया और थाने ले आई। जया सात महीने की गर्भवती है। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी जया को ही आरोपी महिला बताते रहे। जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नीमच सिटी थाने पहुंचकर विरोध जताया। परिजनों ने कहा कि पुलिस बिना सही पहचान की जांच किए गर्भवती महिला को थाने ले आई। उन्होंने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी के निर्देश पर एएसपी ने की जांच मामला एसपी राजेश व्यास के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने एएसपी हेमलता अग्रवाल को नीमच सिटी थाने भेजा। उन्होंने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। एएसपी के निर्देश पर जया यादव को थाना प्रभारी के स्टाफ के साथ आधार सेंटर ले जाया गया। वहां उसका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराया गया। जांच में सामने आया कि थाने लाई गई महिला नेहा यादव नहीं, बल्कि उसकी बहन जया यादव है। जांच के बाद जया को परिजनों के सुपुर्द किया पहचान स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने जया यादव को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि पहचान को लेकर चूक किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।