समाचार · मध्य प्रदेश
मंदिर के पास कुएं में मिला मगरमच्छ का बच्चा:अशोकनगर में ग्रामीणों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला, बाल्टी से किया रेस्क्यू
अशोकनगर। बहादुरपुर क्षेत्र के ग्राम सोपरा में सोमवार रात शंकरजी के मंदिर के पास बने कुएं में मगरमच्छ का बच्चा दिखाई दिया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। कुएं में उगी झाड़ियों को साफ करने के बाद करीब चार घंटे की मशक्कत से सुबह 11 बजे दो युवकों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गांव के विशाल और रघुवीर ने प्लास्टिक की बाल्टी की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को कुएं से बाहर निकाला। इस दौरान सूचना मिलने पर वन विभाग के बीट गार्ड अजहर खान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित तरीके से कैथन नदी में छोड़ दिया। नदी से ढाई किलोमीटर दूर कुएं में कैसे पहुंचा मगरमच्छ? बीट गार्ड अजहर खान ने बताया कि कुएं से कैथन नदी की दूरी करीब ढाई किलोमीटर है। हालांकि, नदी से सोपरा गांव तक भूमिगत नहर आई हुई है। इसके आसपास धान के खेत हैं, जिनमें पर्याप्त पानी भरा रहता है। आशंका है कि मगरमच्छ का बच्चा इसी रास्ते से कुएं तक पहुंचा होगा। उसकी उम्र करीब 15 से 20 दिन और लंबाई लगभग डेढ़ फीट है। पांच साल में कई जगह मिल चुके मगरमच्छ बहादुरपुर क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दौरान नदी से दूर कई जगहों पर मगरमच्छ और उनके बच्चे मिल चुके हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी और उनके प्रजनन की ओर इशारा करती हैं।