entertainment
समय रैना ने रचा इतिहास, यूट्यूब पर बनाया ग्लोबल रिकॉर्ड

कॉमेडियन समय रैना ने यूट्यूब की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वह दुनियाभर के पहले ऐसे यूट्यूब क्रिएटर बन गए हैं, जिनके चैनल के मेंबर्स की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है.
इस खास उपलब्धि की पुष्टि खुद यूट्यूब ने की है. गूगल इंडिया के ब्लॉग पर शेयर की गई जानकारी में प्लेटफॉर्म ने समय रैना की तारीफ करते हुए बताया कि उन्होंने अपने कंटेंट और शोज के जरिए दर्शकों के साथ मजबूत रिश्ता बनाया है.
यूट्यूब ने अपने बयान में लिखा कि ग्रैंडमास्टर्स के साथ होस्ट के तौर पर बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसे शो को लोकप्रिय बनाने तक, समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक खास ऑनलाइन ठिकाना बना दिया है.
विवाद के बाद भी नहीं टूटा फैंस का भरोसा
आपको बता दें कि समय रैना के लिए यह कामयाबी इसलिए भी खास है, क्योंकि साल 2025 में उन्हें 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर बड़े विवाद का सामना करना पड़ा था. शो के एक एपिसोड में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया के एक सवाल पर विवाद खड़ा हो गया था.
इस मामले में समय, रणवीर और एपिसोड में मौजूद दूसरे लोगों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुई थीं. सोशल मीडिया पर भी जमकर आलोचना हुई. इसके बाद समय ने अपने यूट्यूब चैनल से शो के सभी पुराने एपिसोड हटा दिए. हालांकि, उन्होंने बाद में अपने स्टैंड-अप स्पेशल 'Still Alive' के साथ वापसी की.
'इंडियाज गॉट लेटेंट' से फिर लौटे समय
ऐसे में साल 2026 में समय रैना ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन लॉन्च किया. इस बार शो यूट्यूब के साथ नेटफ्लिक्स पर भी आया. फिनाले के दौरान उन्होंने बताया कि विवाद के बाद उन्हें लगा था कि शायद वह दोबारा अपना शो नहीं ला पाएंगे.
समय ने बताया कि कनाडा में रहने के दौरान वह काफी परेशान थे और ChatGPT से भी पूछते थे कि उनका शो कब वापस आएगा. उस समय उन्हें कोई साफ जवाब नहीं मिलता था.
फिलहाल समय के यूट्यूब चैनल पर 1.24 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. वहीं, 10 लाख चैनल मेंबर्स का रिकॉर्ड उनकी लोकप्रियता का एक बड़ा पड़ाव बन गया है.
ये भी पढ़ें: बिहार के लिट्टी-चोखा की दीवानी हुई प्रियंका चाहर चौधरी, बोलीं- अभी चांद से होकर आई हूं