Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में नौकरी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म:काम खत्म कर घर जाने लगी तो आरोपी ने दरवाजा बंद किया, धमकाकर कार में बैठाया

INT News7 October 2026 at 09:52 am

करनाल के सीएचडी सिटी में घरेलू काम की नौकरी दिलाने के बहाने एक महिला को घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने काम खत्म होने के बाद घर का मुख्य दरवाजा बंद कर उसकी मर्जी के खिलाफ गलत काम किया। इसके बाद आरोपी ने उसे धक्का देकर धमकाया और कार में बैठाकर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने नामालूम व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 5 अक्टूबर को पति के साथ सीएचडी सिटी आई थी महिला

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घरेलू महिला है। बीती 5 अक्टूबर की शाम वह अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर सीएचडी सिटी करनाल आई थी। उसका पति वेल्डिंग का काम करने के लिए सीएचडी सिटी के अंदर चला गया और उसे मुख्य गेट पर छोड़ गया। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कार में वहां आया और उसने महिला से कहा कि उसे घर पर मेड की जरूरत है। वह उसके घर काम कर ले तो उसे अच्छी तनख्वाह देगा। बात तय होने के बाद अगले दिन काम पर गई

महिला के अनुसार, आरोपी से घर पर काम करने को लेकर उसकी बात तय हो गई। इसके बाद 6 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे वह आरोपी के घर सीएचडी सिटी करनाल पहुंची। वहां उसने खाना बनाया, घर में झाड़ू-पोछा किया और आरोपी के कपड़े धोए। काम पूरा करने के बाद करीब 12 बजे वह अपने घर जाने लगी। दरवाजा बंद कर दुष्कर्म करने का आरोप

महिला का आरोप है कि घर से निकलते समय आरोपी ने मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे धक्का देकर धमकाया और जबरन अपनी कार में बैठा लिया। वह डर के कारण कार में बैठ गई। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाद में मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की

पीड़िता ने पूरा घटनाक्रम अपने पति को बताया। जिसके बाद पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने पत्नी के साथ सदर थाना में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एसआई मीनू रानी को सौंपी गई है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जांच में तथ्यों के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।