समाचार · मध्य प्रदेश
खेत में मिला किसान का शव, शराब के पाउच मिले:तीन दिन से फसल में कर रहा था सिंचाई, यूपी की शराब की जांच में जुटी पुलिस
टीकमगढ़ जिले के सापौन गांव में शुक्रवार को खेत पर 35 वर्षीय भागीरथ आदिवासी का शव मिला। वह पिछले तीन दिन से खेत पर रहकर रबी की फसल में सिंचाई कर रहा था। शुक्रवार को उसके पिता खेत पहुंचे तो भागीरथ मृत मिला। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बड़ागांव धसान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। शव के पास उत्तर प्रदेश में बनी देशी शराब ‘रसभरी’ के खाली पाउच और बोतलें मिलीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शराब पीने के दौरान मौत की आशंका पुलिस के मुताबिक, भागीरथ की मौत शराब पीने के दौरान हुई। शराब के पाउच जांच के लिए भेजे गए हैं। थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि भागीरथ शराब लेकर खुद खेत पर पहुंचा था या कोई दूसरा व्यक्ति उसे वहां लाया था। सापौन गांव से कुछ दूरी पर उत्तर प्रदेश की सीमा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उत्तर प्रदेश में बनी शराब मध्य प्रदेश के गांव तक कैसे पहुंची।