Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अनूपपुर में प्रशिक्षकों का सात माह का मानदेय अटका:कलेक्टर को ज्ञापन देकर दीपावली से पहले भुगतान मांगा, डीईओ को निर्देश

INT News28 October 2026 at 07:34 pm

अनूपपुर जिले के शासकीय स्कूलों में काम कर रहे व्यावसायिक प्रशिक्षकों को सात माह से मानदेय नहीं मिला है। बुधवार शाम प्रशिक्षकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दीपावली से पहले बकाया मानदेय देने की मांग की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ज्ञापन में प्रशिक्षकों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रही व्यावसायिक शिक्षा योजना में काम करते हैं। वे अलग-अलग ट्रेड में विद्यार्थियों को तकनीकी और कौशल आधारित प्रशिक्षण देते हैं। प्रशिक्षकों के मुताबिक, जिले और प्रदेश के कई व्यावसायिक प्रशिक्षकों को कई महीनों से नियमित मानदेय नहीं मिला है। विभिन्न वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर्स ने पिछले महीनों का भुगतान लंबित रखा है। ज्ञापन में कहा गया कि दीपावली नजदीक है और लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानी हो रही है। प्रशिक्षकों ने इसे श्रम और सेवा नियमों का उल्लंघन बताया। उन्होंने मांग की कि जिले में काम कर रहे सभी अनुबंधित वोकेशनल ट्रेनिंग प्रोवाइडर्स को निर्देश दिए जाएं कि वे दीपावली से पहले बकाया मानदेय और चालू माह का भुगतान बैंक खातों में करें। साथ ही त्योहार अग्रिम या बोनस देने के लिए भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।