समाचार · मध्य प्रदेश
रिश्वतखोर बिजली अफसरों को चार-चार साल की जेल:लोकायुक्त ने बिछाया था जाल; शिकायतकर्ता मुकर गया, लेकिन ऑडियो रिकॉर्डिंग से साबित हुआ आरोप
ग्वालियर में अवैध बिजली कनेक्शन का केस दर्ज नहीं करने के बदले 23 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दो तत्कालीन अधिकारियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत ने दोषी ठहराया है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने पूर्व सहायक यंत्री (एई) रोहित सेंगर और पूर्व कनिष्ठ यंत्री (जेई) अनूप कुमार को चार-चार साल के सश्रम कारावास और 24-24 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। फैसला आते ही दोनों की जमानत निरस्त कर उन्हें हिरासत में लिया गया और ग्वालियर केंद्रीय जेल भेज दिया गया। अभियोजन के मुताबिक, गेंडे वाली सड़क के न्यू शांति नगर निवासी योगेंद्र साहू के मकान की ऊपरी मंजिल पर जनवरी 2018 के शुरुआती दिनों में निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान कामगारों ने बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर रोशनी की व्यवस्था कर ली थी। लक्ष्मीगंज जोन की जांच टीम ने मौके पर अवैध कनेक्शन पकड़ लिया और कार्रवाई की चेतावनी दी। अगले दिन योगेंद्र साहू लक्ष्मीगंज स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे। वहां तत्कालीन एई रोहित सेंगर और जेई अनूप कुमार ने उनसे कहा कि बिजली चोरी का केस दर्ज होने पर सालाना 60 से 65 हजार रुपए तक का बिल आ सकता है। मामला रफा-दफा करने के बदले दोनों ने उनसे 30 हजार रुपए मांगे। 30 हजार मांगे, बातचीत के बाद 23 हजार में सौदा तय योगेंद्र साहू ने 5 जनवरी 2018 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के सामने शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने उन्हें रिकॉर्डिंग उपकरण देकर बिजली कार्यालय भेजा। वहां बातचीत और मोलभाव के बाद रिश्वत की रकम 23 हजार रुपए तय हुई। 6 जनवरी 2018 को लोकायुक्त टीम ने कार्यालय में ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता ने एई रोहित सेंगर के इशारे पर कार्यालय की खाली मेज की ऊपरी दराज में 23 हजार रुपए रख दिए। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की। शिकायतकर्ता मुकरा, ऑडियो रिकॉर्डिंग और एफएसएल रिपोर्ट बनी आधार मुकदमे की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू अपने पहले दिए गए बयानों से मुकर गए। उन्हें पक्षद्रोही घोषित किया गया। इसके बावजूद अभियोजन पक्ष ने ऑडियो रिकॉर्डिंग की लिखित प्रतिलिपि, सोडियम कार्बोनेट घोल से जुड़ी विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की सकारात्मक रिपोर्ट, ट्रैप टीम के सदस्यों और स्वतंत्र गवाहों के बयान पेश किए। अदालत ने इन साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया। फैसले में अदालत ने भ्रष्टाचार को समाज में कैंसर की तरह पनपती समस्या बताते हुए ऐसी प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए सख्त सजा की जरूरत पर जोर दिया।