Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सिमडेगा के किसानों की बदली खेती की तस्वीर, सोलर सिंचाई मॉडल की NITI Aayog ने की सराहना

INT News10 November 2026 at 04:46 pm

सिमडेगा. सौर ऊर्जा से संचालित सिंचाई व्यवस्था सिमडेगा के किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है. इससे किसानों की मानसून पर निर्भरता कम करने और सालभर खेती व सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिल रही है. जिला प्रशासन की इस पहल की नीति आयोग ने भी सराहना की है. आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर सिमडेगा की इस विकास गाथा को साझा किया है.

12 सोलर लिफ्ट और 48 ट्रॉली आधारित सिंचाई इकाइयां

डीसी कंचन सिंह के नेतृत्व में नीति आयोग के सहयोग और किसान समृद्धि योजना के तहत जिले में 12 सोलर लिफ्ट सिंचाई इकाइयां और 48 ट्रॉली आधारित सोलर सिंचाई इकाइयां स्थापित की गयी हैं. सोलर लिफ्ट इकाइयों के माध्यम से जल स्रोतों का पानी खेतों तक पहुंचाया जा रहा है. वहीं, ट्रॉली आधारित इकाइयों को जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.

सालभर खेती और सब्जी उत्पादन

इस व्यवस्था से किसान खरीफ के अलावा रबी और अन्य मौसमों में भी खेती कर पा रहे हैं. खासकर सब्जी उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे किसानों की अतिरिक्त आमदनी के अवसर बढ़ रहे हैं. सिंचाई की लागत कम होने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल से टिकाऊ खेती को भी प्रोत्साहन मिल रहा है.

नीति आयोग ने एक्स पर साझा की विकास गाथा

नीति आयोग ने सिमडेगा को आकांक्षी जिला बताते हुए कहा है कि सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण और घरेलू आमदनी में वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. आयोग ने इसे ग्रामीण आजीविका मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल बताया है.

ये भी पढ़ें: Jobs News : रांची में 10वीं पास के लिए नौकरी, फसल रक्षक के 21 पदों पर भर्ती; 14 नवंबर तक मौका

डीसी ने जताया आभार

नीति आयोग की सराहना पर डीसी कंचन सिंह ने आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मियों, विभिन्न विभागों और समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. सभी के समन्वय और समर्पण से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत सिमडेगा और आकांक्षी प्रखंडों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. प्रयास है कि योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.

ये भी पढ़ें: राईबहार लालटोली फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, पेनाल्टी शूटआउट में केरिया ने जीता खिताब