समाचार · मध्य प्रदेश
वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत:जबलपुर ले जाते समय दम तोड़ा, साथी भी घायल; सिर में लगे थे 50-55 टांके
अनूपपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रामपुर-टघरा गांव के पास सोमवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। युवक को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज शहडोल और वहां से जबलपुर रेफर किया गया था। परिजन उसे जबलपुर ले जा रहे थे, तभी उमरिया जिले के घनघुटी के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अनूपपुर लौट आए। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। सिर में गंभीर चोट, लगाए गए 50 से 55 टांके परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर वे सुशील चौरसिया को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट देखकर इलाज शुरू किया। सिर दो तरफ से लंबाई में फट गया था, जिससे काफी खून बह गया था। डॉक्टरों ने खून का बहाव रोकने के लिए करीब 50 से 55 टांके लगाए। हालत गंभीर होने के कारण रात करीब 8 बजे उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया। शहडोल से जबलपुर किया रेफर परिजन सुशील को लेकर मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद सिर में गंभीर चोट को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे जबलपुर ले जा रहे थे, तभी घनघुटी के पास उसकी सांसें थम गईं। अचानक हुई मौत के बाद परिजन असमंजस में पड़ गए कि शव लेकर जबलपुर जाएं या शहडोल। बाद में वे शव लेकर अनूपपुर लौट आए। अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी थी टक्कर जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6.30 से 7 बजे सुशील चौरसिया पिता स्व. नानदेव चौरसिया (24) और राजू बैगा पिता ठग्गू बैगा, निवासी रामपुर, बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर मुख्य मार्ग पर रामपुर-टघरा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। साथी राजू बैगा भी घायल हादसे में बाइक पर पीछे बैठे राजू बैगा के चेहरे, हाथ और पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। कुछ जगह गहरे घाव भी हुए हैं। वहीं, सुशील तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। सुशील की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। वह स्थानीय स्तर पर एक निजी कंपनी में काम करता था। उसकी अभी कोई संतान नहीं थी। परिवार की आजीविका खेती और मजदूरी से चलती है।