समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में तीन दिवसीय गरबा रास शुरू:सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने समाजजन के साथ खेला गरबा
सकल पंच गुजराती मोड़ वणिक समाज का तीन दिवसीय गरबा रास उत्सव 9 नवंबर से शुरू हो गया। शनवारा स्थित समाज की वाड़ी में आयोजित उत्सव के पहले दिन खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाजजनों के साथ गरबा खेलकर उत्सव में भागीदारी की। पहले दिन सोमवार रात बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने गरबा रास में हिस्सा लिया। गुजराती समाज की ओर से हर साल दीपावली के बाद तीन दिवसीय गरबा रास उत्सव आयोजित किया जाता है। इसमें देश-विदेश में बसे समाज के लोग शामिल होने के लिए बुरहानपुर पहुंचते हैं। इस साल भी गुजरात, मुंबई, अहमदाबाद, इंदौर, उज्जैन और जलगांव सहित कई शहरों से समाजजन उत्सव में शामिल होने आए हैं। विदेश में रहने वाले समाज के लोग भी इसमें भाग लेने पहुंचे हैं। गरबा हमारी संस्कृति और सनातन का हिस्सा : सांसद कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि गरबा हमारी संस्कृति और सनातन का हिस्सा है। गरबा रास के माध्यम से माता रानी को प्रसन्न किया जाता है। हमें अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी जुड़ाव का परिचय भी मिलता है। तीन दिन तक होंगे आयोजन समाज अध्यक्ष रमेश मोतीलाल दलाल ने बताया कि गरबा रास उत्सव 9 नवंबर से शुरू हुआ है और तीन दिन तक चलेगा। समाजजनों ने पहले दिन उत्साह के साथ गरबा खेला। उन्होंने बताया कि उत्सव के प्रत्येक दिन जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।