समाचार · मध्य प्रदेश
PDS चावल की हेराफेरी, ट्रांसपोर्ट फर्म के पार्टनर्स पर FIR:31 ट्रकों में भेजे 10,797 क्विंटल चावल की डिलीवरी नहीं हुई; फर्जी चालान-पावती बनाई
कटनी से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए भेजा गया 10,797.18 क्विंटल फोर्टीफाइड चावल हरदा, नीमच और इंदौर नहीं पहुंचा। जांच के बाद परिवहनकर्ता फर्म मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स के खिलाफ रंगनाथ नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि 31 ट्रकों में भेजे गए 21,765 बोरे चावल की रास्ते में ही हेराफेरी कर दी गई। डिलीवरी दिखाने के लिए फर्जी चालान और जाली पावती भी जमा की गई। इन धाराओं में FIR पुलिस ने दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आई 31 ट्रकों की गड़बड़ी कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई प्रशासनिक जांच में अनियमितता सामने आई। जिला आपूर्ति अधिकारी रविकांत ठाकुर ने जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के मुताबिक, 31 ट्रकों में कुल 21,765 बोरे चावल भेजे गए थे। इनका कुल वजन 10,797.18 क्विंटल था। आरोप है कि फर्म ने चावल तय जगहों तक नहीं पहुंचाया और रास्ते में ही उसकी हेराफेरी कर दी। डिलीवरी दिखाने के लिए फर्जी चालान जमा किए जांच में यह भी सामने आया कि चावल की डिलीवरी दिखाने के लिए फर्जी चालान तैयार किए गए। इनकी जाली पावती विभाग के कार्यालय में जमा कराई गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के साथ लॉन्ग रूट ट्रांसपोर्टेशन (एलआरटी) का अनुबंध हुआ था। इसके तहत सामान्य सहलोडिंग, अनलोडिंग, तौल और स्टेकिंग का काम शेड्यूल ऑफ रेट्स (एसओआर) के आधार पर तय किया गया था। कटनी में परिवहन कार्य से फर्म प्रतिबंधित मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम, भोपाल के प्रबंध संचालक ने फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है। मामले में पुलिस ने चारों पार्टनर्स के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।