समाचार · बिहार
बिहार में फिर बजेगी चीनी मिलों की सायरन, 5 मिलों को शुरू करने की तैयारी, 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

Bihar Sugar Mill: बिहार में चीनी उद्योग को फिर से खड़ा करने की तैयारी तेज हो गई है. सम्राट सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू कर किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करना चाहती है. योजना के तहत राज्य की पांच चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने की दिशा में काम होगा. इससे गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. वहीं, 15 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से भी काम मिल सकता है.
अमित शाह करेंगे दो चीनी मिलों का शिलान्यास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 11 दिसंबर को बिहार दौरे पर आने वाले हैं. इस दौरान वह मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम में चीनी मिलों के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे. इन दोनों मिलों के साथ तीन अन्य बंद चीनी मिलों को भी फिर से चालू करने की तैयारी है.
जिन पांच चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने की योजना है, उनमें सकरी (मधुबनी), रैयाम (दरभंगा), मोतीपुर (मुजफ्फरपुर), वारिसलीगंज (नवादा) और तरैया (सारण) शामिल हैं. इन मिलों के शुरू होने से आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है.
कभी बिहार में थीं 33 चीनी मिलें, अब सिर्फ 10 चालू
एक समय बिहार चीनी उत्पादन के मामले में देश के प्रमुख राज्यों में शामिल था. राज्य में कुल 33 चीनी मिलें हुआ करती थीं. लेकिन 1980 के दशक तक इनकी संख्या घटकर 28 रह गई. इसके बाद धीरे-धीरे करीब 18 मिलें बंद हो गईं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल राज्य में 10 चीनी मिलें ही चालू हैं.
बिहार कभी देश के कुल चीनी उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत योगदान देता था. लेकिन अब यह हिस्सेदारी घटकर लगभग 4 प्रतिशत रह गई है. चीनी मिलों के बंद होने का असर किसानों और उनसे जुड़े रोजगार पर भी पड़ा. अब सरकार की कोशिश इस उद्योग को दोबारा मजबूत करने की है.
गन्ना किसानों को मिलेगी राहत, घटेगा परिवहन का खर्च
चीनी मिलें बंद होने के कारण गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए दूर-दराज के जिलों या दूसरे राज्यों की मिलों तक जाना पड़ता था. इससे परिवहन पर ज्यादा खर्च होता था. कई बार किसानों को गन्ना पहुंचाने में भी परेशानी होती थी.
अब अगर आसपास के इलाकों में चीनी मिलें शुरू होती हैं तो किसानों को स्थानीय स्तर पर ही गन्ना बेचने का विकल्प मिलेगा. इससे परिवहन लागत कम हो सकती है. किसानों को अपनी फसल का बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही गन्ने की खेती के प्रति किसानों की दिलचस्पी भी बढ़ सकती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इन बंद चीनी मिलों को भी शुरू करने की तैयारी
पांच चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने की योजना के अलावा राज्य सरकार अन्य बंद मिलों को भी दोबारा चालू करने की दिशा में काम कर रही है. इनमें पश्चिम चंपारण की चनपटिया शुगर मिल, पूर्वी चंपारण की बारा चकिया और मोतिहारी शुगर मिल शामिल हैं.
इसके अलावा गोपालगंज की सासामुसा शुगर मिल, सारण की मरहौरा शुगर मिल और समस्तीपुर शुगर मिल को भी फिर से शुरू करने की तैयारी है. इन मिलों के चालू होने से गन्ना किसानों को फायदा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं.
किसानों के साथ युवाओं के लिए भी खुलेंगे अवसर
चीनी मिलों का संचालन केवल गन्ना किसानों तक सीमित नहीं रहेगा. इससे परिवहन, भंडारण, मशीनों के रखरखाव और दूसरे सहायक कामों में भी रोजगार के अवसर बनेंगे. योजना के तहत 15 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं, हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिल सकता है.
सरकार की इस पहल से बिहार के चीनी उद्योग को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसका वास्तविक लाभ मिलों का निर्माण और संचालन शुरू होने के बाद ही सामने आएगा.
Also Read: 'ए दिवाकर, हाली-हाली ट्रैक्टर भेज न...' बेटी की शादी में हेलीपैड पर कीचड़ देख अनंत सिंह ने खुद संभाला मोर्चा, जानें किसे किया फोन