समाचार · मध्य प्रदेश
दीपावली पर 200 साल पुराने मंदिर में उमड़ी भीड़:बड़वानी के महालक्ष्मी मंदिर में देर रात तक पूजा-अर्चना, पुजारी ने बताई स्थापना की कहानी
दीपावली पर रविवार शाम से बड़वानी के रानीपुरा स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। दर्शन के लिए मंदिर परिसर और आसपास की गलियों तक लंबी कतारें लगीं। देर रात तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। शहर के साथ आसपास के गांवों से भी सैकड़ों लोग दर्शन के लिए पहुंचे। पोरवाड़ समाज का है करीब 200 साल पुराना मंदिर यह मंदिर पोरवाड़ समाज का है। इसका इतिहास करीब 200 साल पुराना बताया जाता है। रियासत काल से ही मंदिर अपनी बनावट और धार्मिक परंपराओं के लिए जाना जाता है। दीपावली पर मंदिर को सजाया गया। परिसर में फूल और दीप लगाए गए। माता महालक्ष्मी की प्रतिमा को कमल के आसन पर वरद मुद्रा में विराजमान दिखाया गया। उन्हें स्वर्ण और रजत आभूषणों से सजाया गया। सपने में मिले थे देवी के दर्शन पुजारी पंडित राहुल शुक्ला ने बताया कि करीब 200 साल पहले एक श्रद्धालु को सपने में देवी महालक्ष्मी के दर्शन हुए थे। इसके बाद माता के आदेश पर उनकी प्रतिमा राजस्थान से लाकर यहां स्थापित की गई। तभी से यह स्थान सिद्धपीठ के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि हर साल अष्टमी पर विशेष हवन-यज्ञ होता है। इसमें समाज के लोग आहुतियां देते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं। पंचमेवा, रबड़ी और मिठाइयों का लगाया भोग दीपावली पर श्रद्धालुओं ने माता को पंचमेवा, रबड़ी, पैन, खीर, लड्डू और कई तरह की मिठाइयों का भोग लगाया। लोगों ने दीप जलाकर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।