समाचार · हरियाणा
किसानों पर बयान को लेकर भाजपा के निशाने पर कुलदीप:भाजपा नेताओं ने कहा- किसान का अपमान, विधायक माफी मांगें; बोले- बयान वापस नहीं लिया तो आंदोलन करेंगे
झज्जर के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स किसानों के समर्थन में दिए अपने बयान को लेकर भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। विधायक ने मंडी में आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान हरेंद्र सिलाना की ओर से किसानों की मांगों को लेकर जारी भूख-हड़ताल का समर्थन करते हुए किसानों की फसल के दाम तय करने की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसी दौरान उनके द्वारा किसान की हालत कुत्ते के मुंह में सूखी हड्डी डालने की कही गई बात को लेकर मंडी प्रधान व भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है। विधायक कुलदीप वत्स ने कहा था कि देश में जो भी उत्पादन होता है, उसका रेट उसका मालिक तय करता है। लेकिन किसान ऐसा व्यक्ति है, जो मेहनत से फसल पैदा करता है और उसकी फसल का रेट सरकारें तय करती हैं। इसी बात को समझाते हुए उन्होंने कहा था कि यह तो ऐसी स्थिति है, जैसे कुत्ते के मुंह में सूखी हड्डी डाल दी जाती है और और कुत्ता खूनम-खून रहता है वह हाल आज किस का हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष समेत तीन नेताओं ने साधा निशाना विधायक के इस बयान पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना और बेरी से भाजपा प्रत्याशी संजय कबलाना ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक ने अपने बयान में किसान की तुलना कुत्ते से की है, जो किसानों का अपमान है। भाजपा नेताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में किसानों के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। माफी नहीं मांगी तो आंदोलन की चेतावनी भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता समय-समय पर आम लोगों को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का आम आदमी और किसान के हितों से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कुलदीप वत्स और कांग्रेस को किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक ने अपने बयान को लेकर माफी नहीं मांगी तो भाजपा की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कुलदीप वत्स बोले- मैंने किसान के सम्मान की बात की, ऐसा कुछ नहीं कहा; बयान को लेकर हो रही राजनीति
बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने किसानों को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसानों के सम्मान की बात की है और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। वत्स ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा, जिससे किसानों का अपमान हो। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा उनके बयान को लेकर की जा रही बयानबाजी को राजनीति से प्रेरित बताया। विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं और उनके सम्मान की बात उठाना था, न कि किसी किसान का अपमान करना।