समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र में भाखड़ा से मिला युवक का अर्धनग्न शव:शरीर पर मिला अंडरवियर, नहाने के दौरान बहने की आशंका; एक सप्ताह पुरानी बॉडी
कुरुक्षेत्र के झांसा हेड पर नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से युवक का अर्धनग्न शव मिला। शव नहर के बहाव के साथ बहकर हेड तक पहुंचा था और यहां आकर फंस गया। शव मिलने की सूचना के बाद गोताखोर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद इसे नहर से बाहर निकाला। झांसा निवासी सागर अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान उसने नहर में शव बहता देखा। उसने इसकी सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी। पता चलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे। शव नहर के झांसा हेड पर फंसा हुआ था। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला और झांसा पुलिस के हवाले कर दिया। शव पर सिर्फ अंडरवियर गोताखोर प्रगट सिंह के मुताबिक, युवक की उम्र करीब 25 से 27 साल के बीच है। शरीर पर सिर्फ ब्लू अंडरवियर मिला। शव की हालत को देखते हुए इसके करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। शव गल-सड़ चुका था। कई जगह से मछलियां ने त्वचा को काट रखा था। पुलिस ने आसपास ही पहचान की कोशिश की। नहाने के दौरान बहने की आशंका शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक नहर में नहाने के दौरान पानी के बहाव में बह गया होगा। इसके बाद डूबने से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि युवक नहर में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस जांच और पहचान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। अंबाला और पंजाब में तलाश झांसा पुलिस अब युवक की पहचान के लिए अंबाला और पंजाब में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच कर रही कि पिछले सप्ताह के दौरान इन क्षेत्रों में कोई युवक लापता तो नहीं हुआ। पहचान होने के बाद ही शव की पूरी स्थिति और युवक के नहर तक पहुंचने की जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।