Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

15 साल की उम्र में 5 प्रॉपर्टी और Mercedes की मालकिन बन गई थीं नीतू कपूर, फिर 21 साल में क्यों छोड़ दी एक्टिंग?

INT News10 November 2026 at 09:36 am

बॉलीवुड में कुछ सितारों का सफर इतनी कम उम्र में शुरू हो जाता है कि खेलने-कूदने की उम्र में ही वे बड़ी पहचान बना लेते हैं. ऐसी ही कहानी है नीतू कपूर की. उन्होंने महज 8 साल की उम्र में फिल्मों में कदम रखा था. देखते ही देखते वह बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस बन गईं. उनकी मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 15 साल की उम्र में उनके पास पांच प्रॉपर्टी और एक मर्सिडीज कार थी. लेकिन जब करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था, तभी उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला कर लिया. आखिर ऐसी क्या वजह थी कि नीतू कपूर ने 21 साल की उम्र में एक्टिंग छोड़ दी?

8 साल की उम्र में शुरू हुआ था फिल्मी सफर

नीतू कपूर का असली नाम नीतू सिंह है. उनका फिल्मी सफर बचपन में ही शुरू हो गया था. उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म 'दो कलियां' और 'घर घर की कहानी' में काम किया था. धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में बड़े रोल मिलने लगे. नीतू ने हाल ही में द कर्ली टेल्स को दिए इंटरव्यू में बताया कि जब वह आठवीं क्लास में थीं, तभी उन्हें लीड रोल के ऑफर मिलने लगे थे. फिल्मों में व्यस्त होने की वजह से वह अपनी पढ़ाई भी जारी नहीं रख पाईं. उन्होंने कहा कि वह दोबारा स्कूल नहीं जा सकीं.

15 साल की उम्र में खरीद ली थीं पांच प्रॉपर्टी

नीतू कपूर ने इंटरव्यू में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने बहुत कम उम्र में अच्छी कमाई कर ली थी. एक्ट्रेस ने हैरानी जताते हुए कहा, "15 साल की उम्र तक मेरे पास करीब पांच प्रॉपर्टी और एक मर्सिडीज थी."

अपनी कामयाबी के पीछे उन्होंने डांस ट्रेनिंग को भी अहम वजह बताया. नीतू ने दिग्गज डांसर वैजयंतीमाला से डांस सीखा था. उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी किसी एक्टिंग स्कूल में ट्रेनिंग नहीं ली, लेकिन कैमरे के सामने उन्हें कभी झिझक महसूस नहीं हुई. यही आत्मविश्वास उनके फिल्मी सफर में काफी काम आया.

21 साल की उम्र में शादी के लिए छोड़ दी फिल्में

नीतू कपूर ने उस वक्त फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला किया, जब उनका करियर अच्छा चल रहा था. महज 21 साल की उम्र में उन्होंने ऋषि कपूर से शादी करने के बाद एक्टिंग छोड़ दी. इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि आज के हिसाब से 21 साल की उम्र भले ही कम लगे, लेकिन तब तक वह काफी काम कर चुकी थीं. लगातार फिल्मों में काम करने के बाद वह एक सुकून भरी जिंदगी चाहती थीं.

शादी के बाद नीतू ने अपना पूरा ध्यान परिवार पर लगा दिया. ऋषि कपूर के साथ उन्होंने बेटी रिद्धिमा कपूर और बेटे रणबीर कपूर की परवरिश की. एक्ट्रेस ने बताया कि वह फिल्मों से दूर रहकर भी अपनी जिंदगी में खुश थीं. उन्हें उस वक्त लाइमलाइट की कमी महसूस नहीं होती थी.

ऋषि कपूर के निधन के बाद फिर लौटीं फिल्मों में

नीतू कपूर ने लंबे समय तक फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए रखी. लेकिन पति ऋषि कपूर के निधन के बाद उनकी जिंदगी में अकेलापन बढ़ने लगा. इसी दौरान उन्होंने दोबारा एक्टिंग की दुनिया में लौटने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने फिर से फिल्मों में काम करना शुरू किया और दर्शकों के सामने अपनी नई पारी की शुरुआत की.

रणबीर और रिद्धिमा को नहीं मिली स्टार किड्स वाली सुविधाएं

नीतू कपूर और ऋषि कपूर बॉलीवुड के बड़े सितारे थे, लेकिन उन्होंने अपने बच्चों को आम बच्चों की तरह बड़ा किया. नीतू ने बताया कि रणबीर और रिद्धिमा के पास स्कूल आने-जाने के लिए निजी ड्राइवर तक नहीं था. दोनों दूसरे बच्चों के साथ कारपूल करके स्कूल जाते थे.

बच्चों को खर्च करने के लिए भी एक तय रकम दी जाती थी. विदेश घूमने जाने पर वे इकोनॉमी क्लास में सफर करते थे, दोस्तों के साथ रहते थे और अपार्टमेंट शेयर करते थे. नीतू के मुताबिक, ऋषि कपूर चाहते थे कि उनके बच्चे छोटी उम्र से ही पैसों की अहमियत समझें. यही वजह थी कि फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद रणबीर और रिद्धिमा की परवरिश सादगी के साथ हुई.

ये भी पढ़ें: 'रामायण' है या 'रावणायण'? मुकेश खन्ना ने मेकर्स को लगाई फटकार, सीता से लेकर रावण तक पर उठाए सवाल

ये भी पढ़ें: मुस्लिम परिवार में जन्मीं ये एक्ट्रेस हर साल लेती हैं छठी मैया का आशीर्वाद, ट्रोलिंग पर दिया था करारा जवाब