Thursday, 30 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

तक्षशिला महाबुद्ध विहार में भिक्षु संघ का 20वां वर्षावास प्रारंभ

INT News30 July 2026 at 05:57 am

| जालंधर तक्षशिला महाबुद्ध विहार, कादियां में भंते प्रज्ञा बोधि के नेतृत्व में बुधवार से भिक्षु संघ का 20वां वर्षावास प्रारंभ हो गया। तीन माह तक चलने वाला यह वर्षावास अशोक विजय दशमी तक आयोजित रहेगा। भंते प्रज्ञा बोधि ने बताया कि वर्षावास की परंपरा तथागत भगवान बुद्ध के समय से चली आ रही है। इस अवधि में भिक्षु संघ धम्म प्रचार में आने वाली समस्याओं व कठिनाइयों पर गहन मंथन करता है। आसपास के भिक्षु एकत्र होकर धम्म अध्ययन, चर्चा और ध्यान (मेडिटेशन) करते हैं। साथ ही उपासकों एवं उपासिकाओं को त्रिशरण, पंचशील और अष्टांगिक मार्ग ग्रहण करने की प्रेरणा दी जाती है, जिससे समाज में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना सुदृढ़ हो। इस अवसर पर पंजाब बुद्धिस्ट सोसायटी, पंजाब के अध्यक्ष एडवोकेट हरभजन सांपला तथा कोषाध्यक्ष राम दास गुरु ने बौद्ध समाज से वर्षावास के दौरान भिक्षु संघ को पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का शांति, करुणा और प्रेम का संदेश ही समस्त मानवता को सुखमय जीवन प्रदान कर सकता है।