Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

लाइव कॉन्सर्ट में शिल्पा राव के साथ स्टेज पर बदसलूकी! बात करते-करते माइक कर दिया गया बंद, बोली - दिल टूट गया मेरा...

INT News25 October 2026 at 08:42 am

Shilpa Rao Controversy: हाल ही में उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के साथ हुए 'स्टेज रो' विवाद ने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया था, जब एक विधायक ने भरी महफिल में उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए उनकी बेइज्जती की थी. इस घटना का बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बॉलीवुड की एक और मशहूर सिंगर के साथ मंच पर ऐसा बर्ताव हुआ है, जिसने फिर से आयोजकों के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

'चलेया’, ‘घुंघरू’ और ‘बेशरम रंग’ जैसे हिट गानों से फैंस के दिलों पर राज करने वालीं शिल्पा राव के साथ मुंबई में एक लाइव शो के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने उन्हें अंदर तक आहत कर दिया है. बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के इवेंट में न सिर्फ शिल्पा का शो बीच में रोक दिया गया, बल्कि जब वह दर्शकों से बात करने लगीं, तो उनका माइक ही बंद कर दिया गया.

क्या हुआ था मुंबई के इवेंट में?

24 अक्टूबर को मुंबई में बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट की 10वीं एनिवर्सरी का ग्रैंड इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें कई बड़े सितारे हिस्सा ले रहे थे. इसी इवेंट में शिल्पा राव भी परफॉर्म करने पहुंची थीं. जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम तय समय से काफी पीछे चल रहा था. इसी वजह से जब शिल्पा स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं, तभी अचानक आयोजकों ने उनका शो बीच में ही रोक दिया.

हद तो तब हो गई जब शिल्पा राव अपनी परफॉर्मेंस रुकने के बाद दर्शकों को शुक्रिया कहना और उन्हें अलविदा बोलना चाह रही थीं, उसी वक्त उनका माइक और ऑडियो सिस्टम पूरी तरह से बंद कर दिया गया. शिल्पा कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही स्टेज पर अगले कलाकार कुतले खान ने अपनी परफॉर्मेंस शुरू कर दी. इस अचानक हुए बर्ताव से शिल्पा के साथ-साथ वहां मौजूद दर्शक भी हैरान रह गए.

ये भी पढ़ें: दलेर मेहंदी की सरेआम बेइज्जती का मामला पहुंचा PM मोदी तक, भड़के FWICE ने मंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा

' आज मेरे दिल का एक टुकड़ा टूट गया...'

इस घटना से आहत शिल्पा राव ने सोशल मीडिया पर अपना दुख साझा किया. अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए उन्होंने फैंस से कहा,

"मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया. इतनी खूबसूरत चीज को इस तरह छीन लिया जाना बहुत तकलीफ देता है."

शिल्पा ने आगे लिखा कि भले ही उनका संगीत रोक दिया गया, लेकिन दर्शकों का प्यार नहीं रुका. उन्होंने लिखा,

"जिस तरह लोग मेरा नाम पुकार रहे थे, वह मेरे लिए बेहद खास था. आज हमारी कहानी अधूरी रह गई, लेकिन मैं वादा करती हूं कि मैं दोबारा लौटूंगी."

फैंस ने आयोजकों को लगाई फटकार

शिल्पा राव के साथ मंच पर हुए इस व्यवहार के बाद उनके फैंस भड़क उठे हैं. सोशल मीडिया पर इवेंट मैनेजमेंट को जमकर ट्रोल किया जा रहा है. फैंस का कहना है कि अगर शेड्यूल में देरी हो रही थी, तो यह मैनेजमेंट की नाकामी है.

इसके लिए एक बड़े कलाकार को बीच परफॉर्मेंस में इस तरह अपमानित करना बेहद शर्मनाक है. कई लोगों ने इसे दलेर मेहंदी वाले मामले से जोड़ते हुए कहा कि अब कलाकारों के सम्मान के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है.

आपको बता दें कि शिल्पा राव ने ‘खुदा जाने’, ‘बुल्लेया’ से लेकर शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' के 'बेशरम रंग' और 'जवान' के 'चलेया' जैसे सुपरहिट गानों को अपनी जादुई आवाज दी है.

ये भी पढ़ें: CM धामी ने मांगी माफी तो मीका सिंह ने रख दी शर्त- 'झूठे आरोपों पर वीडियो बनाकर सरेआम सफाई दे विधायक'