समाचार · हरियाणा
पानीपत: सरदार पटेल की जयंती पर निकाली रन फॉर यूनिटी:मंत्री कृष्णलाल पंवार ने दिखाई हरी झंडी, बोले: कांग्रेस ने हमेशा देश तोड़ने का काम किया
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पानीपत में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ में सैकड़ों बच्चों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद 562 से अधिक रियासतों का भारत में विलय करवाकर देश को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शी सोच के कारण भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन और उनके विचार आज भी देशवासियों को एकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। कांग्रेस पर साधा निशाना मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को तोड़ने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने हरियाणा दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सफाई कर्मचारियों की चार मांगों पर बनी सहमति सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि उनकी लगभग सभी मांगों पर सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। कर्मचारियों की पांच प्रमुख मांगों में से चार पर सहमति बन चुकी है। इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों को शुक्रवार दोपहर दोबारा बातचीत के लिए बुलाया गया है। वहीं, चौकीदारों की मांगों पर भी सरकार सकारात्मक रुख अपना रही है। कबड्डी में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा अहमदाबाद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का जिक्र करते हुए पंवार ने बताया कि भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई हैं। महिला टीम के 12 खिलाड़ियों में से छह और पुरुष टीम के 12 खिलाड़ियों में से आठ खिलाड़ी हरियाणा से हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीमें शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करेंगी।