समाचार · बिहार
जी कृष्णैया की पत्नी बोलीं- 30 साल के संघर्ष के बाद मिली संतुष्टि, लवली आनंद ने कहा- आदेश सिर्फ आनंद मोहन पर नहीं होना चाहिए लागू

Anand Mohan Case: पटना. उम्रकैद की सजा पा चुके दोषियों की रिहाई के मामले में सुप्रीम कोर्ट के गुरुवार को आये फैसले पर जी कृष्णैया की पत्नी और आनंद मोहन की पत्नी ने प्रतिक्रिया दी है. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर दिवंगत जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने कहा कि अदालत के इस फैसले से वह उनका परिवार संतुष्ट है. वह बताती हैं कि करीब 30 साल तक हमने जो लड़ाई लड़ी और जो कुछ भी झेला, उसके बाद यह फैसला एक राहत की तरह है.
किसी को दूसरा मौका नहीं मिलेगा
अभी तुरंत जेल जाने जैसी स्थिति नहीं बनी है, बल्कि एक महीने का समय दिया गया है. इस दौरान सरेंडर करने या फिर आगे बढ़ने को लेकर क्या कदम उठाया जाएगा, यह समय बताएगा, लेकिन जो निर्णय आया है, उससे हमें इतना संतोष जरूर मिला है कि अब आगे किसी को दूसरा मौका नहीं मिलेगा और आना ही पड़ेगा.
भविष्य में किसी अन्य के साथ ऐसा न हो
उन्होंने कहा कि सच कहूं तो मेरा जीवन लगभग बीत चुका है. अब क्या मिल जाए या क्या हो जाए, इससे बहुत फर्क नहीं पड़ता, लेकिन यह फैसला कम से कम दूसरे आईएएस अधिकारियों का हौसला बढ़ाएगा. हमारी सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि भविष्य में किसी अन्य आईएएस अधिकारी की पत्नी के साथ ऐसी घटना न हो.
संघर्ष व्यर्थ नहीं गया
यह भी सच है कि इतने सालों के बाद मेरी अपनी जिंदगी में शायद अब कोई बड़ा बदलाव नहीं आने वाला है. 30 साल बीत चुके हैं, बच्चे बड़े हो गए हैं और सेटल हो गए हैं. जो लड़ना था, वह लड़ लिया; जो झेलना था, वह झेल लिया. बस मन में एक संतुष्टि है कि संघर्ष व्यर्थ नहीं गया.
सब ने लड़ने में दिया साथ
इस पूरे दौर में केवल आईएएस ही नहीं, बल्कि आईपीएस, आईआरएस, इनकम टैक्स और कस्टम्स से जुड़े अधिकारियों ने भी केस लड़ने में हमारा साथ दिया. हमने कभी पैसे की मांग नहीं की और न ही निजी तौर पर ऐसा कुछ लिया, क्योंकि हम अपनी मेहनत और संघर्ष के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं. आज हैदराबाद में रहकर, अपनी दोनों बेटियों के साथ जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, तो बस यही लगता है कि हमने अपना संघर्ष पूरा किया—और अब आगे और कुछ नहीं चाहिए.
पूरा आदेश देखने के बाद करूंगी टिप्पणी
दूसरी ओर आनंद मोहन की पत्नी और वर्तमान में सांसद लवली आनंद ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का पूरा आदेश देखने के बाद ही इस पर कोई भी टिप्पणी कर सकूंगी. उन्होंने बताया कि जिस नियम के तहत आनंद मोहन की रिहाई हुई, उसका फायदा देश भर में करीब छह हजार और बिहार में करीब 33 लोग उठा चुके हैं.
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सब पर लागू हो फैसला
लवली आनंद ने कहा है कि यदि उस नियम को लेकर सुप्रीम कोर्ट का कोई निर्णय या आदेश आया है तो वह केवल एक ही व्यक्ति आनंद मोहन पर ही क्यों लागू होना चाहिये? कोई भी नियम तो किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं बनता, बल्कि यह पूरी जनता के लिए बनता है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के पूरे आदेश को देखने और जानने दीजिये तब इस पर कुछ बात कर सकूंगी.
Also Read: Explainer : फिर जेल जाएंगे आनंद मोहन या मिलेगी राहत ? सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जानें अब क्या हैं कानूनी विकल्प, पूरी टाइमलाइन