समाचार · पंजाब
दिल्ली प्रदूषण पर AAP सरकार का भाजपा पर पलटवार:पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने जारी किए आंकड़े
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर शुरू हुई सियासत के बीच आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर जोरदार पलटवार किया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आप प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने केंद्रीय शोध संस्थानों के वैज्ञानिक आंकड़े पेश करते हुए भाजपा के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। संगरूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा नेता जवाब दें कि आखिर ऐसी कौन सी टेक्नोलॉजी आ गई है, जिससे पंजाब के खेतों की पराली का धुआं महज 20 मिनट में दिल्ली पहुंच जाता है। पराली के मामलों में 95% की भारी कमी अमन अरोड़ा ने IARI की क्रीम्स लैब के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट की तरफ से जारी किए गए आंकड़े: मंत्री अरोड़ा ने कहा कि यह 95% की गिरावट पंजाब के किसानों के सहयोग और मान सरकार द्वारा मुहैया कराए गए संसाधनों का नतीजा है। दिल्ली के प्रदूषण में पराली का योगदान केवल 5%- मंत्री सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च और IITM के आंकड़ों का हवाला देते हुए मंत्री ने बताया कि दीवाली के दिन दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पराली के धुएं का योगदान 7.8% था, जो 9 नवंबर को घटकर महज 5% रह गया। पूरे सीजन में औसतन यह योगदान 4% से 5% के बीच ही रहा है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरमेंट एंड वॉटर और DSS की रिपोर्ट साबित करती है कि दिल्ली के जहरीले धुएं की असली वजह वहां के स्थानीय स्रोत हैं, लेकिन भाजपा जानबूझकर पंजाब के किसानों को बलि का बकरा बना रही है। 1.62 लाख मशीनें दीं, पराली से बन रही बिजली व गैस कैबिनेट मंत्री ने मान सरकार की उपल्ब्धियों का ब्योरा देते हुए बताया कि 2022 से अब तक 1.62 लाख से ज्यादा क्रॉप रेजीड्यू मैनेजमेंट मशीनें किसानों को सब्सिडी पर दी गई हैं। इनमें से 25,917 मशीनें इसी साल वितरित की गईं। 1.14 करोड़ टन पराली का इन-सिटू और 78 लाख टन का एक्स-सिटू प्रबंधन किया जा रहा है। PEDA के जरिए 83 पराली से चलने वाले इंडस्ट्रियल बॉयलर, 78 पैलेट प्रोजेक्ट, 11 बायोमास पावर प्लांट और 9 कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट चालू किए जा चुके हैं। ड्रोन से निगरानी कर किसानों को डराने की कोशिश भाजपा नेताओं कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा पर हमला बोलते हुए अरोड़ा ने कहा कि भाजपा के नेता पंजाब के किसानों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केबल सिंह ढिल्लों को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सैटेलाइट से मॉनिटरिंग हो रही है, तो ड्रोन भेजकर किसानों को डराने की साजिश क्यों रची जा रही है। केंद्र से CCL सीमा बढ़ाने की मांग, धान का बंपर उत्पादन धान खरीद पर बोलते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने और बेहतर मौसम से इस बार धान का बंपर उत्पादन हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा मंजूर की गई ₹40,000 करोड़ की कैश क्रेडिट लिमिट पूरी तरह इस्तेमाल हो चुकी है। किसानों के निर्बाध भुगतान के लिए केंद्र सरकार तुरंत CCL की सीमा बढ़ाए। बाहरी राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए पंजाब सीमाओं पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है।