समाचार · उत्तर प्रदेश
बिना पिलर वाले पुल पर छह लेन में दौड़ेंगी गाड़ियां, ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे का काम शुरू, जानें खासियत

Gwalior Agra Greenfield Expressway: उत्तर प्रदेश के आगरा और आसपास के इलाकों से मध्य प्रदेश जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. करीब 4612 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेस-वे 88.4 किलोमीटर लंबा और छह लेन का होगा. इसके तैयार होने से आगरा और ग्वालियर के बीच की दूरी करीब 32 किलोमीटर कम हो जाएगी. इससे यूपी के लोगों को मध्य प्रदेश आने-जाने में कम समय लगेगा.
आगरा से ग्वालियर का सफर सिर्फ 65 मिनट में
इस एक्सप्रेस-वे के बनने से उत्तर प्रदेश के आगरा से मध्य प्रदेश के ग्वालियर तक पहुंचना आसान हो जाएगा. परियोजना के मुताबिक, आगरा से मुरैना का सफर करीब 35 से 40 मिनट में पूरा हो सकेगा. वहीं, आगरा से ग्वालियर पहुंचने में लगभग 60 से 65 मिनट लगेंगे. इससे यूपी के व्यापारियों, पर्यटकों और रोजाना दूसरे शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा. छह लेन की सड़क बनने से वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी.
चंबल नदी पर बनेगा बिना पिलर वाला अनोखा पुल
इस एक्सप्रेस-वे की सबसे खास बात चंबल नदी पर बनने वाला हैंगिंग ब्रिज है. इसका निर्माण ऐसाह गांव के पास किया जा रहा है. करीब 1600 मीटर लंबे इस पुल का 600 मीटर हिस्सा नदी के ऊपर तारों के सहारे लटका होगा. खास बात यह है कि नदी के बीच में कोई पिलर नहीं बनाया जाएगा. इस वजह से पुल से गुजरने वाले वाहन सीधे चंबल नदी के ऊपर से निकलेंगे और नदी के प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी.
घड़ियाल और डॉल्फिन के रहवास को नहीं होगा नुकसान
चंबल नदी घड़ियाल, कछुओं और डॉल्फिन जैसे जलीय जीवों के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है. नदी के भीतर पिलर नहीं बनाने का फैसला इन जीवों के रहवास को ध्यान में रखकर लिया गया है. इसके अलावा पुल पर ध्वनि अवरोधक भी लगाए जाएंगे, ताकि वाहनों के गुजरने से होने वाला शोर कम किया जा सके. इससे विकास कार्य के साथ नदी में रहने वाले जलीय जीवों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा.
डेढ़ से दो साल में तैयार होगा हैंगिंग ब्रिज
चंबल नदी पर बनने वाले इस पुल को डेढ़ से दो साल में पूरा करने की उम्मीद है. फिलहाल इसके निर्माण के लिए जमीन समतल करने और नदी के किनारे पिलर बनाने का काम चल रहा है. पुल के बीच का हिस्सा तारों के सहारे बनाया जाएगा. इस तकनीक की वजह से नदी के अंदर पिलर खड़े करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पुल तैयार होने के बाद आगरा से ग्वालियर के बीच यात्रा पहले से छोटी और सुविधाजनक हो जाएगी.
मार्च 2029 तक पूरा होगा एक्सप्रेस-वे
करीब 4612 करोड़ रुपये की इस पूरी परियोजना को मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रशांत मीणा के मुताबिक, ऐसाह घाट पर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. एक्सप्रेस-वे बनने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा. खासकर आगरा और आसपास के जिलों के लोगों को ग्वालियर, मुरैना और अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी. इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
Must Read: UP Chhath Puja Holiday 2026: वाराणसी में छठ पूजा पर 16 नवंबर को सरकारी कार्यालयों में छुट्टी, जानें अन्य जिलों की स्थिति