Tuesday, 24 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जबलपुर के कन्या स्कूल में घुसा नशेड़ी युवक, जलाए दस्तावेज:छत से फेंके ईंट-पत्थर और कांच; छुट्टी के चलते नहीं थे बच्चे

INT News24 November 2026 at 07:51 pm

जबलपुर के चेरीताल स्थित कन्या शाला में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक युवक के घुसने से अफरा-तफरी मच गई। युवक ने स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और पेटी में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज जला दिए। इसके बाद वह स्कूल की बालकनी और छत पर पहुंच गया और वहां से ईंट-पत्थर सहित अन्य सामान नीचे फेंकने लगा। स्कूल के आसपास रहने वाले लोगों से सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि स्कूल का रिकॉर्ड जला हुआ था और युवक छत पर चढ़कर नीचे सामान फेंक रहा था। 8-10 दिन से नशे की लत में डूबा है युवक आसपास के लोगों ने बताया कि युवक नशे का आदी है और स्कूल के पास ही रहता है। वह काम-धंधा छोड़कर पिछले 8-10 दिनों से नशे की लत में डूबा हुआ है और घर के लोगों के साथ ही आसपास के रहवासियों को भी लगातार परेशान कर रहा है। रहवासियों के मुताबिक, वह पहले फलाहारी के ठेले पर काम करता था, लेकिन अब उसकी हरकतों से परिवार और मोहल्ले के लोग परेशान हैं। छत से उतरने को तैयार नहीं हुआ युवक छत पर मौजूद युवक से बातचीत के दौरान उसने अपना नाम बताया और मजदूरी करने की बात कही। बातचीत में उसने अलग-अलग दावे किए। कभी चोरी, कभी परिचितों तो कभी पुरानी घटनाओं का जिक्र करता रहा। वह छत से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। युवक ने यह भी बताया कि वह गांजे का आदी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल परिसर पहुंची और युवक को छत से सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए। इस दौरान भी उसने कांच और ईंटों जैसी चीजें नीचे फेंकीं। मंगलवार को शासकीय अवकाश होने के कारण स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे कोई दुर्घटना नहीं हुई। हालांकि, स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने युवक की हरकतों पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्कूल की सुरक्षा और बच्चों का माहौल सुरक्षित रह सके।