समाचार · मध्य प्रदेश
पुलिया से टकराई साइकिल, ब्रेक का पाइप नाक में घुसा:बालाघाट में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत; गांव लौटते समय हादसा
बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र के पाथरी गांव में पुलिया से साइकिल टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग की मंगलवार को मौत हो गई। हादसे में साइकिल के ब्रेक का पाइप टूटकर उनकी नाक में घुस गया था। परिजन उन्हें पहले वारासिवनी अस्पताल ले गए थे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। सामान लेकर गांव लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहनलाल पिता भिकिया मेश्राम (58), निवासी पाथरी के रूप में हुई है। सोमवार शाम वे साइकिल से सामान खरीदने के लिए गए थे। बाजार से गांव लौटते समय उनकी साइकिल पुलिया से टकरा गई। टक्कर के कारण साइकिल का ब्रेक पाइप टूटकर उनकी नाक में घुस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में तोड़ा दम घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें घायल अवस्था में वारासिवनी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। अस्पताल से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मजदूरी कर चलाते थे परिवार ग्राम प्रतिनिधि सोमेन्द्र सिंह पटले ने बताया कि मोहनलाल मजदूरी करते थे। परिवार में उनका एक बेटा है। परिजनों के अनुसार, वे बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मर्ग डायरी संबंधित थाना क्षेत्र भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच की जाएगी।