समाचार · छत्तीसगढ़
SI बोला-हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा देना सरकार का आदेश:विरोध करने पर TI ने दी गाली, हिंदू-संगठनों ने की शिकायत, एसपी बोलीं- जांच कराएंगे
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी में प्रार्थना सभा का हिंदू संगठन विरोध कर रहा था, तभी सिहावा टीआई चक्रधर बाग के गाली-गलौज देने का वीडियो सामने आया है। इसका विरोध करने पर पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। इस दौरान SI गणेश खुटे वीडियो में यह कह रहे कि, राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा दी जाएगी। जिस पर हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है। एसपी भावना पांडेय ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि, प्रार्थना सभा को संरक्षण देने वाली बात नहीं है। पुलिस सभी जगह जाकर कानून और सुरक्षा व्यवस्था देखती है। जिससे किसी तरह की अशांति न हो। इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, रविवार 22 नवंबर को नगरी में आयोजित प्रार्थना सभा का हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत और बहस का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सिहावा टीआई चक्रधर बाग गाली-गलौज करते सुनाई दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने गाली देने पर विरोध जताया, तो टीआई ने कहा कि, जिसने मारपीट किया है, उसे गाली दिया हूं। इस बात को लेकर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहता है। पुलिसकर्मी बोला- सभा को सुरक्षा देना सरकार का आदेश वीडियो में एक पुलिसकर्मी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा दी जाएगी। उनके मुताबिक, पुलिस सभा में जाकर सुरक्षा व्यवस्था देखती है, जिससे किसी तरह की अशांति न हो। 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज नगरी ने पुलिस प्रशासन के सामने इस मामले की शिकायत की है। शिकायत में सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाग, सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान डहरिया, प्रधान आरक्षक गोपी चंद्राकर और उपनिरीक्षक गणेश खुटे के नाम शामिल हैं। हिंदू जागरण मंच के पुरुषोत्तम निषाद और चित्रेश साहू ने आरोप लगाया कि, विरोध के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हाथापाई की कोशिश करने और प्रार्थना सभा में शामिल लोगों को उकसाने का आरोप भी लगाया है। वीडियो, ड्यूटी रजिस्टर और CCTV जांचने की मांग संगठनों ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज करने और घटनास्थल की परिस्थितियों की पड़ताल करने की मांग की है। इसके साथ ही उस दिन की ड्यूटी, ड्यूटी रजिस्टर, वायरलेस संदेश, CCTV फुटेज और संबंधित आदेश सुरक्षित रखने को कहा है। संगठनों का कहना है कि, यदि प्रार्थना सभाओं को सुरक्षा देने के लिए राज्य सरकार ने कोई आदेश जारी किया है, तो उसका प्रशासनिक और कानूनी आधार भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।