Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अनूपपुर में गांजा तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने 1.7 किलो गांजे के साथ आरोपी पकड़ा, बिक्री के 11,400 रुपए जब्त

INT News29 October 2026 at 04:45 pm

अनूपपुर जिले के करनपठार थाना पुलिस ने गुरुवार को 1 किलो 700 ग्राम गांजे और बिक्री के 11,400 रुपए के साथ मनोज सिंह गोंड को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गांजा स्थानीय बाजार में बेचने के लिए लाने की बात कही है। थाना प्रभारी मंगला दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बगदरा निवासी मनोज सिंह गोंड बोरी में गांजा लेकर बगदरा से श्यामदुआरी की ओर पैदल जा रहा है। पुलिस टीम ने बगदरा घाट मोड़ पर घेराबंदी कर उसे रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम मनोज सिंह, पिता ददन सिंह गोंड, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम बगदरा बताया। उसके पास सफेद नायलॉन की बोरी से 1 किलो 700 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 17,000 रुपए बताई गई। उसकी पैंट की जेब से गांजा बिक्री के 11,400 रुपए भी मिले। पुलिस के मुताबिक, मनोज ने बताया कि उसने गांजा मेडियारास निवासी मोबिन खान से खरीदा था और उसे स्थानीय बाजार में बेचने वाला था। पुलिस ने गांजा और नकदी जब्त कर मनोज को गिरफ्तार किया। मनोज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने दूसरे आरोपी मोबिन खान को भी नामजद किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मंगला प्रसाद दुबे, उप निरीक्षक धनेश्वर पटेल, कमल किशोर चन्त्रोल, प्रधान आरक्षक राजकुमार परस्ते, आरक्षक हेमंत और मनोज कुशवाहा तथा चालक शामिल रहे।