Wednesday, 7 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जयपाल सिंह स्टेडियम में ताला, स्मृति पार्क में 50 रुपए फीस; रांची में मॉर्निंग वॉकर्स कहां जाएं?

INT News7 October 2026 at 09:43 am

Morning Walk in Ranchi: राजधानी रांची में सुबह की सैर अब आम सुकून नहीं, बल्कि जगह तलाशने की मजबूरी बनती जा रही है. शहर के एक के बाद एक पार्क, मैदान और खुले स्थान लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं. कहीं ताला लगा है, कहीं प्रवेश का समय सीमित कर दिया गया है, तो कहीं कॉलोनी के लोगों के नाम पर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. ऐसे में सुबह की सैर के लिए निकलने वाले लोग आखिर जाएं तो जाएं कहां?

जयपाल सिंह स्टेडियम में ताला

जयपाल सिंह स्टेडियम इसका ताजा उदाहरण है. छात्र आंदोलन के बाद से स्टेडियम बंद है. इसके कारण यहां नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है.

ये भी पढ़ें- गलत बिजली बिल मिला तो जल्द होगा सुधार, शिकायतों के त्वरित समाधान पर आयोग का निर्देश

बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में 50 रुपये इंट्री फीस

जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क भी आम लोगों के लिए नियमित मॉर्निंग वॉक का सहज विकल्प नहीं है. यहां प्रवेश के लिए 50 रुपए इंट्री फीस देनी पड़ती है. ऐसे में अतिरिक्त खर्च के कारण कई मॉर्निंग वॉकर यहां जाना पसंद नहीं करते.

कांके डैम में सिर्फ दो घंटे की इंट्री

कांके डैम इलाके में पहले बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते थे. लेकिन सौंदर्यीकरण कार्य शुरू होने के बाद यहां सुबह केवल दो घंटे ही प्रवेश मिलता है. इसके बाद गेट बंद कर दिया जाता है.

ये भी पढ़ें- 9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम पहुंचना है तो देख लें पार्किंग और डायवर्जन प्लान, कई मार्गों पर रहेगी रोक

सीएमपीडीआई कॉलोनी में चार माह से रोक

कांके रोड स्थित सीएमपीडीआई कॉलोनी भी लंबे समय से आसपास के लोगों के लिए मॉर्निंग वॉक का प्रमुख स्थान रही है. लेकिन पिछले करीब चार माह से यहां बाहरी लोगों के मॉर्निंग वॉक करने पर रोक लगा दी गयी है. इससे आसपास के लोगों के लिए एक और विकल्प कम हो गया है.

रॉक गार्डन में प्रवेश ही बंद

कांके डैम के पास स्थित रॉक गार्डन में भी आम लोगों को नियमित प्रवेश नहीं मिल रहा है. यहां प्रवेश बंद रहने से मॉर्निंग वॉकरों के पास विकल्प और कम हो गए हैं.

मोरहाबादी मैदान में हमेशा होते रहता है कार्यक्रम

अब शहर में मॉर्निंग वॉकरों के लिए सबसे बड़ा विकल्प मोरहाबादी मैदान ही बचता है. लेकिन यहां भी साल भर कोई न कोई कार्यक्रम, सभा, मेला, आंदोलन या अन्य आयोजन होते रहते हैं. कई बार मैदान के बड़े हिस्से में टेंट लगा दिया जाता है. नतीजतन लोगों को टहलने और घूमने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती.

ये भी पढ़ें- चटाई से बेटे की ठंड मिटाती रही मां, वीडियो वायरल हुआ तो डैमेज कंट्रोल में जुटा अस्पताल प्रबंधन