Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम के पॉश इलाके में डीटीपीई को सुनाई खरी-खोटी:क्लिनिक सील करने पर भड़के लाेग, DLF फेज-2 में 22 अवैध प्रॉपर्टी पर जड़ा ताला

INT News14 November 2026 at 06:54 am

गुरुग्राम के रिहायशी पॉश इलाकों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करने पहुंची जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (DTPE) की टीम को शुक्रवार देर शाम भारी विरोध का सामना करना पड़ा। DLF फेज-2 में एक क्लिनिक को सील करने के दौरान लोग भड़क गए और अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने हंगामे के बीच कुल 22 संपत्तियों को सील कर दिया। डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम देर शाम DLF फेज-2 के दक्षिण मार्ग पर कार्रवाई करने पहुंची थी। अभियान के दौरान जैसे ही टीम ने एक मकान में चल रहे अवैध क्लिनिक को सील करने की प्रक्रिया शुरू की, वहां मौजूद लोग और संचालक एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को घेर लिया और अधिकारियों से तीखी बहस करते हुए खरी-खोटी सुनाई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई पूरी की जा सकी। मकानों में चल रहा था पूरा बाजार

अभियान के दौरान टीम ने दक्षिण मार्ग के विभिन्न मकानों की जांच की, जहां नियमों को ताक पर रखकर कई मंजिलों और बेसमेंट का कमर्शियल इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने एक ही दिन में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहे कार्यालयों, पीजी, गेस्ट हाउस, क्लिनिक, जिम, जनरल स्टोर और अन्य प्रतिष्ठानों पर ताला जड़ दिया।