Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बलरामपुर में चेकडैम निर्माण में गड़बड़ी,तकनीकी-सहायक की संविदा सेवा खत्म:9.13 लाख की होगी वसूली, 17 कामों का भुगतान रोका; 4 अधिकारियों को नोटिस

INT News1 November 2026 at 01:42 pm

बलरामपुर में चेकडैम निर्माण में तकनीकी कमियां मिलने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर एक तकनीकी सहायक की संविदा सेवा खत्म कर दी गई है। वहीं, 3 तकनीकी सहायकों से 9.13 लाख रुपए वसूलने और जांच के दायरे में आए 17 चेकडैम कामों का भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यवेक्षण में लापरवाही पर 4 वरिष्ठ अधिकारियों से भी जवाब मांगा गया है। 12 मार्च 2026 को चेकडैम निर्माण की गुणवत्ता को लेकर खबरें प्रकाशित हुई थीं। इसके बाद राज्य कार्यालय के निर्देश पर प्रशासन ने मुख्य तकनीकी परीक्षक (सतर्कता) से 17 चेकडैम कामों की जांच कराई। जांच रिपोर्ट में कुछ कामों में कंक्रीट की गुणवत्ता और उप-संरचनाओं के निर्माण में तकनीकी कमियां मिलीं। रिपोर्ट में कंक्रीट की सतह पर प्लास्टर करने और निर्माण कार्यों का अधिक मूल्यांकन करने की बात भी सामने आई। 9.13 लाख रुपए वसूलने के निर्देश जांच के आधार पर तकनीकी सहायक रोहित कुमार, अविनाश भारती और कृपाशंकर गुप्ता से कुल 9.13 लाख रुपए वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद पंचायत राजपुर में पदस्थ रोहित कुमार की संविदा सेवा 30 अक्टूबर 2026 को कार्यालयीन आदेश जारी कर खत्म कर दी गई। 17 चेकडैम कामों का भुगतान रोका जांच के दायरे में आए सभी 17 चेकडैम कामों का भुगतान रोक दिया गया है। इनमें ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बलरामपुर के 12 और जनपद पंचायत राजपुर के 5 काम शामिल हैं। दो तकनीकी सहायकों पर जुर्माना तकनीकी सहायक अविनाश भारती और कृपाशंकर गुप्ता पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 की धारा 25 के तहत एक-एक हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। दोनों को अंतिम चेतावनी पत्र भी जारी किया गया है। चार वरिष्ठ अधिकारियों से मांगा जवाब निर्माण कार्यों की निगरानी में लापरवाही पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता सच्चिदानंद कांत और उप संभाग राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी जानूराम सोनवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे और कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार से भी जवाब मांगा गया है।