Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

परिसीमन बिल पर किसके साथ आएगी कौन सी पार्टी? BJP को मिला साथ, अखिलेश ने खोला मोर्चा; DMK-BRS की शर्तों ने बढ़ाई टेंशन

INT News27 November 2026 at 04:24 pm

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विरोध के संकेत दिए हैं, जबकि DMK, BRS, AAP और NCP (SP) ने समर्थन के लिए शर्तें रखी हैं. जानिए किस दल का क्या रुख है और सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत का कितना बड़ा चैलेंज है.

केंद्र सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन विधेयक को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत से पारित कराने की है. अप्रैल 2026 में भी सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाई थी। अब नए सिरे से राजनीतिक दलों को साधने की कोशिश हो रही है.

अखिलेश यादव ने किया परिसीमन का विरोध

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि परिसीमन बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा. उनके इस बयान से साफ है कि समाजवादी पार्टी फिलहाल इस प्रस्ताव के समर्थन में नहीं है.

कांग्रेस ने बताया संविधान पर हमला

कांग्रेस ने परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसे संविधान पर हमले की तैयारी करार दिया है. कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी विशेष सत्र बुलाने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस की मांग है कि महिला आरक्षण को परिसीमन की शर्त से अलग रखा जाए और मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही इसे लागू किया जाए.

DMK का समर्थन, लेकिन तमिलनाडु के हितों पर शर्त

तमिलनाडु की सत्तारूढ़ राजनीति में अहम भूमिका रखने वाली DMK ने परिसीमन पर अपना रुख पूरी तरह बंद नहीं किया है,. पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ कहा है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. DMK की मांग है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को मिली लोकसभा सीटों की मौजूदा हिस्सेदारी अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखी जाए. पार्टी का कहना है कि नए विधेयक के प्रावधान देखने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा.

BRS ने रखी दक्षिण भारत की 24 फीसदी हिस्सेदारी की शर्त

तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने भी परिसीमन का विरोध करने के बजाय अपनी शर्तें सामने रखी हैं. पार्टी नेता रावुला श्रीधर रेड्डी के मुताबिक, दक्षिण भारतीय राज्यों की लोकसभा में मौजूदा 24 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. BRS ने 1971 की जनगणना को आधार बनाने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि अगर सरकार दक्षिण भारतीय राज्यों के प्रतिनिधित्व की गारंटी देती है, तो वह विधेयक का समर्थन कर सकती है.

AAP का रुख भी अभी पूरी तरह साफ नहीं

आम आदमी पार्टी ने भी परिसीमन को लेकर अपनी शर्तें रखी हैं. पंजाब के मंत्री और AAP नेता अमन अरोड़ा ने कहा है कि अगर विधेयक का मसौदा सभी राज्यों और वर्गों को बराबर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करता है, तो पार्टी को आपत्ति नहीं होगी. हालांकि, अगर बीजेपी अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देती है, तो AAP इसका विरोध करेगी. पार्टी ने विधेयक का मसौदा सामने आने तक अंतिम रुख स्पष्ट नहीं किया है.

NCP (SP) भी बिल देखने के बाद लेगी फैसला

शरद पवार गुट की NCP (SP) ने भी अभी अपना अंतिम फैसला सुरक्षित रखा है. पार्टी की महासचिव सुप्रिया सुले ने कहा है कि पहले विधेयक के प्रावधानों को समझा जाएगा, फिर समर्थन पर निर्णय होगा. पार्टी की ओर से महिला आरक्षण लागू करने, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी और परिसीमन आयोग में विपक्ष को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने जैसी मांगें रखी गई हैं.

BJD और वाम दलों ने भी उठाए सवाल

बीजू जनता दल (BJD) ने सरकार से परिसीमन विधेयक के पुराने विवादित प्रावधानों पर दोबारा विचार करने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि अगर महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर विधेयक लाया जाता है, तो विपक्ष की पुरानी आपत्तियों का समाधान होना चाहिए. वहीं, CPI-M के डी. राजा ने विशेष सत्र बुलाने के तरीके और संसदीय परंपराओं पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सरकार से सत्र का एजेंडा स्पष्ट करने की मांग की है.

JMM, RJD और शिवसेना (UBT) के तेवर भी सख्त

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सांसद महुआ माजी ने महिला आरक्षण विधेयक को परिसीमन से जोड़ने पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि जब पहले महिला आरक्षण विधेयक को विपक्ष का समर्थन मिला था, तो अब परिसीमन के लिए जरूरी संख्या कैसे जुटाई जाएगी. RJD सांसद मनोज कुमार झा ने भी सरकार के बहुमत के दावों पर तंज कसा है. दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने परिसीमन विधेयक को बीजेपी की राजनीतिक साजिश बताते हुए विरोध किया है.

NDA के साथ कौन-कौन से दल?

केंद्र की मोदी सरकार को अपने सहयोगी दलों का समर्थन मिलने की उम्मीद है. बीजेपी के अलावा NDA में शामिल TDP, शिवसेना, JDU, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), RLD, जनसेना और JDS जैसे दल सरकार के साथ खड़े हैं. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पार्टी TDP और पवन कल्याण की जनसेना भी सरकार के समर्थन में हैं. हालांकि, गैर-NDA दलों के रुख और विधेयक के अंतिम प्रावधानों पर सरकार की सफलता काफी हद तक निर्भर करेगी.

लोकसभा और राज्यसभा में क्या है नंबर गेम?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 540 सदस्यों वाली लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई यानी 360 सांसदों का समर्थन चाहिए. NDA के पास फिलहाल करीब 319 सांसदों का समर्थन बताया गया है. ऐसे में सरकार को लगभग 41 अतिरिक्त सांसदों की जरूरत होगी. राज्यसभा में भी सरकार के सामने चुनौती है. वहां दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 162 है, जबकि NDA के पास करीब 151 सांसदों का समर्थन बताया गया है. यानी उच्च सदन में भी सरकार को 11 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है.

ये भी पढ़ें: दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का एक्शन, मंदिर ट्रस्टियों को हटाया; CRPF संभालेगी सुरक्षा