समाचार · मध्य प्रदेश
प्रतिबंध के बावजूद शाहपुर में कराई हेला टक्कर:मेले की आड़ में कराई पशुओं की लड़ाई, 18 लोगों पर केस; पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी
बुरहानपुर के शाहपुर में दीपावली के दूसरे दिन सोमवार रात प्रतिबंध के बावजूद हेला टक्कर (पशुओं की लड़ाई) कराई गई। अमरावती नदी के किनारे मेले की आड़ में यह आयोजन हुआ। प्रशासन ने जनवरी 2027 तक हेला टक्कर पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद आयोजन कराने पर पुलिस ने 10 नामजद और 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मंगलवार को एसपी आशुतोष बागरी ने कहा कि हेला टक्कर पर पूरी तरह से रोक लगी है। जनवरी 2027 तक लगी है रोक कलेक्टर आदेश जारी कर जनवरी 2027 तक हेला टक्कर पर रोक लगाई है। एसपी ने बताया कि प्रशासन ने कहीं भी हेला टक्कर कराने की अनुमति नहीं दी थी। शाहपुर में केवल मेला लगाने की अनुमति दी गई थी। पशु घायल हुआ तो 5 साल तक की सजा एसपी ने कहा कि रोक के बावजूद टक्कर कराने पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। अगर इसमें कोई पशु घायल हुआ तो BNS की धारा 325 भी लगाई जाएगी। इसमें 5 साल तक की सजा का प्रावधान है। आयोजकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और लोगों की जान-माल को खतरे में डालने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वीडियो मिलने पर FIR में जुड़ेंगे और नाम हेला समिति के अध्यक्ष का नाम FIR में नहीं होने पर एसपी ने कहा कि केस उन लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। जिन्होंने मेले की अनुमति ली थी। वीडियो या दूसरे सबूत मिलने पर FIR में और नाम जोड़े जा सकते हैं। पशुओं को नशा कराने की बात आई सामने एसपी ने बताया कि हेला टक्कर से पहले पशुओं को नशा कराने की बात सामने आई है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाके में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। पशु क्रूरता का मामला सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। अब जानिए हेला टक्कर क्या है... हेला टक्कर एक प्रकार की पशुओं की लड़ाई है। जिसमें 2 पशुओं (आमतौर पर सांडों) को आपस में भिड़ाया जाता है। यह एक हिंसक गतिविधि है जिसे पशु क्रूरता माना जाता है।