Saturday, 31 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

पीएम स्वनिधि और विश्वकर्मा योजना के लाभुक ध्यान दें... लंबित आवेदनों के लिए यहां लगेगा विशेष कैंप

INT News31 October 2026 at 01:42 pm

सरायकेला: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए 4 नवंबर को आदित्यपुर में विशेष शिविर लगाया जायेगा. गम्हरिया प्रखंड के एस-टाइप, कल्पनापुरी स्थित अटल पार्क में सुबह 11 बजे से शिविर आयोजित होगा. इसमें लंबित आवेदनों की समीक्षा कर पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जायेगी.

शिविर के दौरान संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से आवेदनों की जांच की जायेगी. आवेदकों के जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जायेगा और आवेदन में पायी जाने वाली कमियों को दूर कराने का प्रयास होगा, ताकि पात्र लाभुकों के आवेदन का जल्द निष्पादन किया जा सके. इसके अलावा आम नागरिकों को बैंकिंग और वित्तीय समावेशन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा.

बैंक शाखा प्रबंधकों को जरूरी निर्देश

शिविर के सफल आयोजन और लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर गम्हरिया प्रखंड के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. उन्हें जरूरी प्रपत्रों और दस्तावेजों के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है. इससे आवेदनों की जांच और निष्पादन की प्रक्रिया मौके पर ही आगे बढ़ायी जा सकेगी.

जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचें आवेदक

अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी ने आम नागरिकों और दोनों योजनाओं के आवेदकों से निर्धारित तिथि और समय पर अटल पार्क पहुंचने की अपील की है. उन्होंने आवेदकों से अपने आवेदन से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने का आग्रह किया है, ताकि दस्तावेजों की जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके.

शिविर की जानकारी

तिथि: 4 नवंबर 2026

समय : सुबह 11 बजे से

स्थान: अटल पार्क, एस-टाइप, कल्पनापुरी, आदित्यपुर

योजनाएं: पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना