समाचार · हरियाणा
एनसीआर में प्रदूषण रोकने के लिए ग्रैप-3 लागू:निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध; कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ करेगा काम
एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू होने के बाद सोनीपत में भी पाबंदियां प्रभावी रहेंगी। इसके तहत निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर रोक रहेगी। वहीं, सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ कामकाज करने और बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की व्यवस्था लागू की जाएगी। डीसी नेहा सिंह ने सभी संबंधित विभागों को नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 6 नवंबर से लागू है ग्रैप-3 वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए 6 नवंबर से ग्रैप-3 लागू किया है। इसके तहत वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी इन आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाई जाएगी। निर्माण और ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर रहेगी रोक डीसी नेहा सिंह ने बताया कि ग्रैप-3 के तहत जिले में निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। सभी संबंधित विभागों को सीएक्यूएम के आदेशों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभागों को अपने स्तर पर इन प्रतिबंधों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऑफिसों में 50% स्टाफ आएगा, बाकी करेंगे वर्क फ्रॉम होम ग्रैप-3 के तहत सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ कामकाज करने की व्यवस्था लागू की जाएगी। शेष कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही और अन्य गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है। प्रदूषण रोकने में आमजन भी करें सहयोग : डीसी डीसी नेहा सिंह ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन का प्रयास है कि जिले के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं शुद्ध हवा मिल सके। इसके लिए सभी विभागों के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे कार्यों से बचें, जिनसे वायु प्रदूषण बढ़ता है और ग्रैप-3 के तहत जारी दिशा-निर्देशों की पालना कर प्रशासन का सहयोग करें।