समाचार · झारखंड
Jamshedpur Weather: 27-28 अक्तूबर को भारी बारिश, 60 की रफ्तार से चलेगी आंधी, मौसम विभाग का अलर्ट

जमशेदपुर: शहर में मौसम का मिजाज तेजी से बदला है. गुलाबी ठंड ने जहां शहर में दस्तक दे दी है, वहीं अब आने वाले दिनों में तेज बारिश के साथ ही आंधी के भी आसार हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में 27 और 28 अक्तूबर को भारी बारिश के आसार हैं. 27 अक्तूबर के लिए येलो अलर्ट, जबकि 28 अक्तूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 28 अक्तूबर को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी. वहीं 29 और 30 अक्तूबर को आंशिक बारिश के आसार हैं.
इस बारिश के बाद दिन के तापमान में करीब 5.0 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं. यानी दिन में ठंडी बढ़ेगी, हालांकि रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जतायी गयी है. इधर, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. दिन के वक्त तेज धूप रहने से हल्की गर्मी और उमस का अहसास हुआ. इसके विपरीत रात का न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दिन और रात के पारे में करीब 12 डिग्री के इस अंतर से मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. इधर, दीपावली के दौरान भी आसमान में बादल छाये रहने के साथ आंशिक बारिश के आसार हैं.