समाचार · उत्तर प्रदेश
UP Election 2027: यूपी में चुनाव का काउंटडाउन शुरू, जनवरी में तारीखों का ऐलान, फरवरी-मार्च में वोटिंग, जानें पूरा शेड्यूल

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है. सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति बनाने और अपने पक्ष में समीकरण तैयार करने में जुटे हैं. दूसरी ओर चुनाव आयोग ने भी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. हाल ही में आयोग की टीम ने मेरठ पहुंचकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी व्यवस्था का जायजा लिया था. इस दौरान अधिकारियों के साथ मतदाता सूची, मतदान केंद्रों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई. अब चुनाव की तारीखों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
जनवरी में चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चुनाव आयोग जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में 5 जनवरी को चुनाव की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, आयोग की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में चुनाव की तारीखों को लेकर सामने आ रही खबरों को फिलहाल संभावित जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.
फरवरी से मार्च तक चल सकती है चुनाव प्रक्रिया
संभावना जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी और मार्च 2027 के बीच कराए जा सकते हैं. चुनाव आयोग फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह से मतदान की प्रक्रिया शुरू कर सकता है. इसके बाद मार्च के पहले सप्ताह तक चुनाव संपन्न कराने की योजना हो सकती है. अनुमान है कि अलग-अलग चरणों के मतदान के बीच करीब एक सप्ताह का अंतर रखा जा सकता है. हालांकि, अंतिम कार्यक्रम चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
10 से 12 मार्च के बीच आ सकता है नतीजा
चुनावी कार्यक्रम को लेकर सामने आ रही रिपोर्ट्स में मतगणना की तारीख भी बताई जा रही है. इसके अनुसार, 10 से 12 मार्च 2027 के बीच चुनाव के नतीजे सामने आ सकते हैं. इसके बाद 18 से 20 मार्च के बीच प्रदेश में नई सरकार का गठन होने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, इस बार यूपी में तीन से चार चरणों में मतदान कराए जाने की चर्चा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश से चुनाव की शुरुआत होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है.
सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने कसी कमर
चुनाव की आधिकारिक घोषणा से पहले ही प्रदेश में राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं. भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस समेत कई दल चुनावी तैयारी में जुटे हैं. आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम भी अपने राजनीतिक विस्तार की कोशिश कर रही हैं. विपक्षी दल मौजूदा सरकार को घेरने और सत्ता में वापसी के लिए रणनीति बना रहे हैं. वहीं, भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ अपने संगठन और चुनावी समीकरणों को मजबूत करने में लगी है.
अखिलेश के PDA और योगी के विकास-हिंदुत्व पर नजर
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के मुद्दे को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बना रहे हैं. पार्टी इसी रणनीति के जरिए 2027 के चुनाव में मजबूत प्रदर्शन की तैयारी कर रही है. दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा विकास कार्यों के साथ हिंदुत्व के मुद्दे पर भी जनता के बीच पहुंचने की कोशिश कर रही है. इस बीच अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की चर्चाओं ने भी राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है. अब सभी की नजरें चुनाव आयोग की घोषणा पर टिकी हैं. जनवरी में कार्यक्रम जारी होने की चर्चाओं के बीच यूपी की राजनीति में आने वाले दिनों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
Must Read: Dev Deepawali 2026: 24 नवंबर को 11 लाख दीपों के सैलाब से जगमगाएगी काशी, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी सहित होंगे कई खास आयोजन