Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर चलते कंटेनर से 43 कार्टून चोरी:सील तोड़कर 65.75 लाख का इलेक्ट्रॉनिक्स सामान ले गए बदमाश

INT News1 November 2026 at 03:47 pm

आगर मालवा में गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर चलते कंटेनर से 43 कार्टून चोरी हो गए। अज्ञात बदमाशों ने कंटेनर की सील तोड़कर पिछला दरवाजा खोला और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य सामान ले गए। पूरे माल की कीमत करीब 65 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। बड़ौद थाना पुलिस के मुताबिक, कंटेनर चालक बबलू कुमार (27), पिता भूप सिंह, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के ग्राम लोढ़ा के निवासी हैं। वे अंबाला से इंदौर जा रहे थे। चालक ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे वे गरोठ-उज्जैन फोरलेन से गुजर रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने उन्हें कंटेनर का पिछला दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। कंटेनर रोककर जांच करने पर पीछे की सील टूटी मिली और 43 कार्टून गायब थे। आशंका है कि बदमाश चलते कंटेनर पर चढ़े, सील तोड़ी और सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चालक कंटेनर मालिक के साथ बड़ौद थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार रात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस चोरी गए कार्टून में रखे सामान की सही कीमत और आरोपियों का पता लगा रही है। कंटेनर में इलेक्ट्रिकल सामान, ड्राई फ्रूट्स, फुटवियर और ऑटो पार्ट्स समेत अन्य सामग्री थी।