समाचार · बिहार
बिहार के IPS आशीष भारती को मिला केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, 10 अपराधियों को उम्रकैद की सजा दिलाने में निभायी थी अहम भूमिका

Ashish Bharti Union Home Minister Medal : बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशीष भारती को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित 'केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक' से सम्मानित किया गया है. उन्हें यह सम्मान रोहतास जिले में फिरौती के लिए हुए अपहरण के एक गंभीर मामले की सफल जांच और अपराधियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया है. आशीष भारती के अलावा बिहार पुलिस के अन्य पदाधिकारियों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है.
2011 बैच के IPS अधिकारी हैं आशीष भारती
आशीष भारती बिहार कैडर के 2011 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं. बिहार पुलिस में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे रोहतास और गया सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. रोहतास के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उनका कार्यकाल रहा है. फिलहाल वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआइजी) के पद पर तैनात हैं.
72 घंटे में अपहृत को कराया था मुक्त
आशीष भारती को यह सम्मान वर्ष 2022 में रोहतास जिले में हुए अपहरण और फिरौती से जुड़े मामले के सफल अनुसंधान के लिए मिला है. सासाराम नगर (दरिगांव) थाना क्षेत्र में कांड संख्या 183/22 के तहत अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. अपराधियों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर फिरौती की मांग की थी.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर अपहृत व्यक्ति को बिना फिरौती दिये सकुशल बरामद कर लिया था. इसके बाद मामले में प्रभावी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गयी. वर्ष 2025 में अदालत ने इस मामले में अंतरराज्यीय और अंतरजिला गिरोह के 10 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा सुनायी थी.
पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलता है पदक
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिसिंग, अपराध अनुसंधान, खुफिया सेवा, अभियानों और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को दिया जाता है. इसका उद्देश्य चुनौतीपूर्ण मामलों में पेशेवर दक्षता, बेहतर अनुसंधान और प्रभावी पुलिसिंग का परिचय देने वाले कर्मियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है.