समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में जिला स्तरीय मप्र स्थापना दिवस समारोह:स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और आदिवासी नृत्य पेश किए
अनूपपुर में 1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर जिला स्तरीय समारोह हुआ। कार्यक्रम एकलव्य आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। समारोह में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मप्र जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी मौजूद रहे। राज्यमंत्री ने परिसर में आम का पौधा लगाया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इनमें देशभक्ति गीत और आदिवासी लोक नृत्य शामिल थे। आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ गुदुम नृत्य भी पेश किया। कार्यक्रम में दिलीप जायसवाल ने मध्य प्रदेश के विकास पर बात की। उन्होंने 1956 में राज्य बनने से लेकर 2004 तक की सरकारों के काम और पिछले 22 साल के विकास का जिक्र किया। उन्होंने सिंचाई, बिजली, सड़क, खेती, दुग्ध उत्पादन और कारखानों से जुड़ी बातें रखीं। जायसवाल ने कहा कि सिंगरौली के बाद अनूपपुर में प्रदेश के सबसे ज्यादा पावर प्लांट हैं। उन्होंने टोरंटो, अदानी, मोजर बेयर और अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र चचाई का जिक्र किया। उनके मुताबिक, इनसे बिजली उत्पादन में अनूपपुर प्रदेश और देश के लिए योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि नर्मदा, सोन और जोहिला जैसी प्रमुख नदियां अनूपपुर से निकलती हैं। उनके मुताबिक, नदियों का पानी आगे के इलाकों को मिलता है, इसलिए जिले को उसका पूरा लाभ नहीं मिल पाता। जायसवाल ने सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए सिंचाई विभाग, जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन से नई योजना बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बांध बनाने से किसानों को खेती में ज्यादा लाभ मिल सकता है। कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें…