sports
IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स ने रचा इतिहास, एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

Glenn Phillips: न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में इतिहास रच दिया. उन्होंने एक द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. हैमिल्टन के सेडन पार्क में रविवार को खेले गए मुकाबले में फिलिप्स ने नाबाद 65 रनों की पारी खेली. इसी के साथ पांच मैचों की सीरीज में उनके कुल रन 341 हो गए. उन्होंने इंग्लैंड के फिल साल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 331 रन बनाए थे.
ग्लेन फिलिप्स ने तोड़ा फिल साल्ट का रिकॉर्ड
ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ पूरी सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की. पांचवें टी20 में उन्होंने 38 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए. इस प्रदर्शन के साथ वह एक द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.
एक द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के फिल साल्ट के नाम था. उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 331 रन बनाए थे. पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 316 रनों के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था.
एक सीरीज में चार या उससे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने
फिलिप्स ने सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ही नहीं बनाया, बल्कि एक और खास उपलब्धि हासिल की. वह किसी द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में चार या उससे ज्यादा बार 50 प्लस स्कोर बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं.
उनसे पहले पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ और जापान के एस रविचंद्रन ने 2024 में मंगोलिया के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. अब भारत के खिलाफ 2026 की सीरीज में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर फिलिप्स ने भी इस खास सूची में जगह बना ली है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 3 प्लेयर्स को BCCI देती है ग्रेड A की सैलरी, जानें किस ग्रेड में है रोहित-कोहली का नाम; देखें पूरी लिस्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 मैचों में लगे 259 छक्के
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2026 में खेले गए 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में छक्कों की जमकर बारिश हुई. दोनों टीमों ने मिलकर इन मैचों में कुल 259 छक्के लगाए. यानी हर मुकाबले में औसतन 23.5 छक्के देखने को मिले.
एक द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टॉप-5 टीमें
इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 142 छक्के लगाए, जबकि कीवी बल्लेबाजों ने भारत के विरुद्ध 117 छक्के जड़े. किसी एक कैलेंडर ईयर में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भारत और न्यूजीलैंड का यह प्रदर्शन खास रहा. इस सूची में कंबोडिया 111 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर है, जिसने 2025 में इंडोनेशिया के खिलाफ इतने छक्के लगाए थे.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट
न्यूजीलैंड ने दर्ज की तीसरी सबसे बड़ी सफल रन चेज
भारत के खिलाफ पांचवें टी20 में 192 रनों का लक्ष्य हासिल करना भी न्यूजीलैंड के लिए खास उपलब्धि रही. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उसका तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है.
न्यूजीलैंड ने 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हैमिल्टन में 201 रनों का लक्ष्य हासिल किया था, जो उसका सबसे बड़ा सफल रन चेज है. इसके बाद 2023 में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ 194 रन बनाकर टीम ने जीत दर्ज की थी. अब भारत के खिलाफ 192 रनों का लक्ष्य हासिल कर कीवी टीम ने इस सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है.
टिम सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स ने दिलाई न्यूजीलैंड को जीत
मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पांचवें और आखिरी टी20 में भारत को 7 विकेट से हराया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 191 रन बनाए थे. ईशान किशन ने 61 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 रनों की शानदार पारियां खेलीं. हालांकि, एडम मिल्ने ने चार विकेट लेकर भारत को 200 रन तक पहुंचने से रोक दिया.
192 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टिम सीफर्ट ने 50 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली. वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने 38 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए. दोनों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने 17.4 ओवर में ही 195 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. हालांकि, शुरुआती तीन मुकाबलों में जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 5th T20I: न्यूजीलैंड ने आखिरी टी20 मैच 7 विकेट से किया अपने नाम, 3-2 से भारत ने जीती सीरीज