Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह:MLA निखिल मदान और मेयर राजीव जैन शामिल हुए, बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

INT News1 November 2026 at 04:55 pm

हरियाणा दिवस के अवसर पर रविवार को जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सोनीपत के विधायक निखिल मदान तथा नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने शिरकत की। इस दौरान ऑनलाइन माध्यम से सभी उपस्थितजनों ने कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा दिया गया अभिभाषण भी सुना। सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा को देश-विदेश में जय जवान, जय किसान और जय पहलवान की भूमि के रूप में जाना जाता है। एक नवंबर 1966 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आने के बाद हरियाणा ने निरंतर प्रगति की है। आज प्रदेश का युवा खेल, शिक्षा, तकनीक, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम तकनीकी विकास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है, जबकि सोनीपत में औद्योगिक विकास को गति मिल रही है। खरखौदा में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, गन्नौर में बड़ी मंडी तथा क्षेत्र में सड़क और परिवहन सुविधाओं का विस्तार विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही है और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने स्वर्णप्रस्थ पब्लिक स्कूल से अपने विद्यार्थी जीवन के जुड़ाव को भी याद किया और विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। हरियाणा की मेहनत, संस्कृति और एकता ही प्रदेश की असली ताकत: जैन नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने कहा कि एक नवंबर 1966 को हरियाणा के गठन के समय प्रदेश के संसाधनों और विकास की संभावनाओं को लेकर अनेक सवाल उठाए जाते थे, लेकिन प्रदेशवासियों की मेहनत, लगन और समर्पण ने हरियाणा को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कर दिया। आज खेती, खेल, उद्योग और देश की सीमाओं की रक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में हरियाणा का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक एकजुटता प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जाति-पाति और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर हरियाणवी एकता की भावना के साथ काम करने से प्रदेश और अधिक मजबूत बनेगा। मेयर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रत्येक नागरिक को प्रदेश की उन्नति, संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। राजीव जैन ने कहा कि हरियाणा के किसानों, सैनिकों, खिलाड़ियों और मेहनतकश लोगों ने प्रदेश को विशिष्ट पहचान दिलाई है। आने वाली पीढ़ी को इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, बीईओ अनिल, एलके जैन, राष्ट्रीय अवार्डी शिक्षिका सुनीता, स्वर्णप्रस्थ पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एसपी सिंह, चांदकिशोर, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।