समाचार · हरियाणा
सिरसा से सांसद-विधायक पहुंचे दिल्ली वोट चोरी प्रदर्शन में:सैलजा सुरजेवाला के साथ जिप्सी में दिखी, चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
वोट चोरी के खिलाफ देशभर में हो रहे विरोध के चलते आज रविवार को दिल्ली में महागठबंधन ने रैली आयोजित की। इसमें सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल, कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला अपनी समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शन में सांसद कुमारी सैलजा राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के साथ जिप्सी में दिखी और बीजेपी सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ हल्ला बोला। इनके अलावा डबवाली से कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में समर्थक व कार्यकर्ता दिल्ली प्रदर्शन में शामिल हुए। सिरसा से काफी किसान नेता भी दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा, रैली में उमड़ा जनसैलाब केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते आक्रोश का प्रतीक है। जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। संसद में विपक्ष को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जाता। लोकतंत्र में असहमति और विरोध का सम्मान होना चाहिए, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा दोहरी नीति अपना रही: सैलजा कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों का सरकार को पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव करके अपनी दोहरी नीति उजागर कर रही है। जनता निर्णायक भूमिका निभाएगी सांसद ने कहा कि दिल्ली की महारैली से निकला संदेश देश के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। देश की जागरूक जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभाएगी।