Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

डिंडोरी के चार वन परिक्षेत्रों में लगेंगे 200 कैमरे:बाघों की गिनती के लिए 100 ग्रिड पर सर्वे, 30 नवंबर तक डेटा देहरादून भेजा जाएगा

INT News4 November 2026 at 08:31 am

डिंडोरी जिले के रिजर्व फॉरेस्ट में बाघों की मौजूदगी और संख्या का पता लगाने के लिए वन विभाग ने कैमरा ट्रैप सर्वे शुरू किया है। 1 नवंबर से चार वन परिक्षेत्रों में 200 कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरों से मिला डेटा 30 नवंबर तक अखिल भारतीय बाघ आकलन के लिए देहरादून भेजा जाएगा। एसडीओ सुरेंद्र कुमार जाटव ने बताया कि पूर्व करंजिया, पश्चिम करंजिया, बजाग और दक्षिण समनापुर वन परिक्षेत्र में 100 ग्रिड पर 200 कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे पहले मई में भी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण उन्हें दोबारा लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभाग को 30 नवंबर तक डेटा जुटाकर रिपोर्ट भेजनी है। डिंडोरी जिले के जंगल तीन प्रमुख वन्यजीव क्षेत्रों से जुड़े हैं। डिंडोरी और शहपुरा वन परिक्षेत्र बांधवगढ़ नेशनल पार्क से, दक्षिण समनापुर कान्हा नेशनल पार्क से और बजाग व करंजिया के जंगल छत्तीसगढ़ के अचानकमार क्षेत्र से जुड़े हैं। इन इलाकों से बाघों के जिले के जंगलों में आने की संभावना रहती है। वन विभाग के मुताबिक, जिले के जंगलों में बाघ के अलावा तेंदुआ, भालू, हिरण, सियार और बायसन भी पाए जाते हैं। कैमरों से बाघों की आवाजाही और गतिविधियों का रिकॉर्ड भी तैयार होगा।