Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड की टीएलएम प्रतियोगिता में सिमडेगा के शिक्षक ने हासिल किया पहला स्थान

INT News4 November 2026 at 09:49 am

सिमडेगा: शिक्षण में नवाचार और रचनात्मकता के दम पर सिमडेगा के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सलडेगा ने जिले का गौरव बढ़ाया है. श्रीहरि वनवासी विकास समिति झारखंड की ओर से आयोजित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रतियोगिता में विद्यालय के आचार्य ओमप्रकाश आलोकनाथ साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है. विद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया और सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया.

झारखंड के 26 विद्यालयों के 59 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में झारखंड के 26 विद्यालयों के कुल 59 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. इसमें सभी प्रतिभागियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ओमप्रकाश आलोकनाथ साहू ने अपनी उत्कृष्ट शिक्षण-अधिगम सामग्री के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया.

ये भी पढ़ें: पहाड़ों पर ट्रेकिंग और डैम में राफ्टिंग, सिमडेगा के केलाघाघ डैम में शुरू हुआ एडवेंचर कैंप

प्रधानाचार्य ने किया सम्मानित

विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जतायी. उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश आलोकनाथ साहू ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और सृजनशीलता से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है. उनकी यह सफलता विद्यालय के अन्य आचार्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.

सफलता का श्रेय मार्गदर्शन और सहयोग को दिया

आचार्य ओमप्रकाश आलोकनाथ साहू ने अपनी सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन, विद्यालय के सभी आचार्यों के सहयोग और यहां के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और बेहतर मार्गदर्शन से ही इस उपलब्धि को हासिल करना संभव हुआ. इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. यह सफलता विद्यालय की बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति को भी दर्शाती है.

ये भी पढ़ें: गौ-तस्करी और नशे के कारोबार पर लगेगी लगाम, झारखंड-छत्तीसगढ़-ओडिशा के सीमावर्ती जिलों में बढ़ेगी निगरानी