समाचार · बिहार
बक्सर में रघुनाथपुर ROB निर्माण की बढ़ी उम्मीद, 66 निजी और 11 सरकारी जमीनों का होगा अधिग्रहण

Buxar Raghunathpur Railway Overbridge : रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन से सटे पश्चिमी समपार फाटक के विकल्प के रूप में प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण में अब तेजी आने की उम्मीद है. इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. परियोजना के तहत कुल 0.3282 हेक्टेयर यानी लगभग 0.81 एकड़ जमीन की जरूरत है. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरओबी निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद है.
66 निजी और 11 सरकारी भूखंड अधिग्रहण के दायरे में
भूमि अधिग्रहण की संशोधित अधिघोषणा के अनुसार, परियोजना के लिए कुल 66 निजी भूखंडों के साथ 11 सरकारी भूखंडों का अधिग्रहण किया जाना है. इसमें करीब 87.2 प्रतिशत जमीन निजी रैयती है. निजी जमीन का रकबा लगभग 0.70747 एकड़, जबकि सरकारी जमीन का रकबा 0.10353 एकड़ बताया गया है.
रघुनाथपुर और ढोढनपुरा मौजा की जमीन चिह्नित
आरओबी निर्माण के लिए ब्रह्मपुर अंचल के रघुनाथपुर और ढोढनपुरा मौजा की जमीन चिह्नित की गयी है. रघुनाथपुर मौजा में 0.69906 एकड़ और ढोढनपुरा मौजा में 0.11194 एकड़ जमीन अधिग्रहण के दायरे में है.
रघुनाथपुर मौजा में 64 निजी और 11 सरकारी भूखंड शामिल हैं. वहीं, ढोढनपुरा मौजा में दो निजी भूखंडों की जमीन ली जानी है. इस तरह दोनों मौजा मिलाकर कुल 66 निजी भूखंडों का अधिग्रहण किया जायेगा.
एक से अधिक सह-रैयतों के नाम दर्ज हैं कई भूखंड
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में भूखंडों की संख्या और वास्तविक भू-स्वामियों की संख्या अलग-अलग है. इसकी वजह यह है कि कई भूखंडों के रिकॉर्ड में एक से अधिक सह-रैयतों के नाम दर्ज हैं. ऐसे में जमीन अधिग्रहण के दौरान संबंधित सभी भू-स्वामियों के हितों और दावों का ध्यान रखना होगा.
आम रास्ता और हनुमान मंदिर की जमीन भी शामिल
अधिग्रहण के दायरे में आने वाली सरकारी जमीन में आम रास्ता, पुरानी परती, हनुमान मंदिर और अनाबाद सर्वसाधारण श्रेणी की जमीन शामिल है. इन श्रेणियों की जमीन का कुल रकबा करीब 0.08006 एकड़ बताया गया है. अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रघुनाथपुर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को गति मिलने की उम्मीद है.
खबर का असर बक्सर में मनरेगा योजनाओं में फर्जी हाजिरी 612 से घटकर 211 रह गये मजदूर, उठे सवाल