Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में 23 किलो हेरोइन बरामद:लोपोके और घरिंडा पुलिस ने 3 तस्करों को किया गिरफ्तार, जांच जारी

INT News4 November 2026 at 09:54 am

अमृतसर में पुलिस ने हेरोइन तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कुल 23 किलो 18 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इन मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में लोपोके थाना पुलिस ने 13 किलो हेरोइन के साथ एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। वहीं, घरिंडा थाना पुलिस ने 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पाकिस्तान से खेप मंगवाते थे पुलिस के अनुसार, लोपोके थाना पुलिस एसएचओ जसदीप सिंह की अगुवाई में बीएसएफ इंटेलिजेंस विंग अमृतसर और 100 बटालियन बीएसएफ के जवानों के साथ हेमतपुरा-लोपोके रोड पर विशेष नाकाबंदी के संबंध में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव लोदीगुज्जर का रहने वाला सुखमनप्रीत सिंह पाकिस्तान के एक तस्कर से हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव सैदपुरा की सड़क पर नाकाबंदी कर जांच की। इस दौरान सुखमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 13 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुई। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। जीटी रोड पर नाकाबंदी कर दो आरोपी पकड़े दूसरे मामले में घरिंडा थाना पुलिस ने सरकारी बाग के पास जीटी रोड पर नाकाबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में हेरोइन बेचने का काम करते हैं और खेप लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान गुरबख्शिश सिंह उर्फ बख्शिश सिंह और बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे की खेप के स्रोत और आगे सप्लाई किए जाने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।