समाचार · झारखंड
खूंटी के 25 किसान राजस्थान रवाना, पांच दिन में सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर

Rajasthan Agricultural Tour. राष्ट्रीय तिलहन मिशन के तहत 25 प्रगतिशील किसानों का एक दल राजस्थान के भरतपुर के लिए रवाना हुआ. यह दल पांच दिवसीय अंतरराज्यीय परिभ्रमण पर जा रहा है. दो नवंबर को आत्मा, खूंटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत किसानों को तिलहनी फसलों की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी जाएगी. किसानों के दल को जिला कृषि पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक, आत्मा, खूंटी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस परिभ्रमण का उद्देश्य किसानों को तिलहनी फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के तरीकों से अवगत कराना है.
कृषि अनुसंधान केंद्र में खेती की आधुनिक तकनीक सीखेंगे किसान
पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान किसान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तिलहन अनुसंधान केंद्र सहित आसपास के प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण करेंगे. इस दौरान उन्हें बेहतर उत्पादन, फसल प्रबंधन, उन्नत बीजों के चयन और आधुनिक कृषि तकनीकों के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी मिलेगी. किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से तिलहनी फसलों की खेती करने और उत्पादन बढ़ाने के विभिन्न तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा.
ये भी पढ़ें: झारखंड में 710 करोड़ की धनवर्षा! सोना-चांदी से गाड़ियों तक होगी रिकॉर्ड खरीदारी
तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने में मिलेगी मदद
इस पहल से खूंटी के किसानों को खेती में नये प्रयोगों और आधुनिक तकनीकों को अपनाने का अवसर मिलेगा. राजस्थान के भरतपुर में मिलने वाला व्यावहारिक अनुभव किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है. इससे जिले में तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के साथ उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में नाम या जानकारी गलत? खूंटी के हर बूथ पर आज मिलेगा सुधार का मौका