समाचार · झारखंड
पहाड़ों पर ट्रेकिंग और डैम में राफ्टिंग, सिमडेगा के केलाघाघ डैम में शुरू हुआ एडवेंचर कैंप

सिमडेगाः झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण सिमडेगा में पर्यटन को नई पहचान दिलाने की पहल शुरू हो गयी है. केलाघाघ डैम में तीन दिवसीय एडवेंचर गतिविधियों का भव्य शुभारंभ किया गया. अब यहां आने वाले पर्यटकों और युवाओं को पहाड़ियों पर ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और डैम में राफ्टिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का अनुभव मिलेगा. इस पहल से न सिर्फ जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर भी विकसित होंगे.
अधिकारियों ने किया एडवेंचर गतिविधियों का शुभारंभ
उपायुक्त कंचन सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, एसडीओ सुमंत तिर्की, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा एवं जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर सिमडेगा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. केलाघाघ डैम में साहसिक गतिविधियों की शुरुआत से जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नयी पहचान मिलेगी. साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
ये भी पढ़ें: झारखंड के इस खूबसूरत डैम में बनेगा इको रिसॉर्ट, पर्यटकों को मिलेगा नया ठिकाना; रोजगार के खुलेंगे रास्ते
ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग का मिलेगा अनुभव
तीन दिवसीय आयोजन में हिल हाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और राफ्टिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इसके तहत प्रतिभागियों को पहाड़ियों पर चढ़ाई करने, चट्टानों पर क्लाइंबिंग और डैम में राफ्टिंग का रोमांचक अनुभव मिलेगा.
युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति बढ़ेगी रुचि
डीडीसी दीपांकर चौधरी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और उनका आत्मविश्वास विकसित करना है. इससे युवाओं की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
ये भी पढ़ें: चांडिल डैम बनेगा झारखंड का बड़ा टूरिस्ट स्पॉट? CM हेमंत सोरेन ने किया दौरा, देखें तस्वीरें
15 वर्ष से अधिक उम्र के लोग ले सकेंगे हिस्सा
जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 15 वर्ष से अधिक उम्र के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिक इन गतिविधियों में भाग ले सकते हैं. प्रतिदिन 40 प्रतिभागियों का समूह बनाया जा रहा है. विशेषज्ञों और टूर गाइड की देखरेख में सभी गतिविधियां संचालित होंगी. प्रतिभागियों को नाश्ता, दोपहर का भोजन, बीमा और आवश्यक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे हैं. गतिविधियां प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगी.
सिमडेगा को एडवेंचर टूरिज्म के नक्शे पर लाने की पहल
केलाघाघ डैम में शुरू हुई यह पहल सिमडेगा को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. प्राकृतिक खूबसूरती के साथ एडवेंचर गतिविधियों की उपलब्धता से आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: चार बार डायलिसिस, 12 दिन वेंटिलेटर पर, RIMS के डॉक्टरों ने बचायी 9 साल की बच्ची की जान