समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद से हरिद्वार के लिए चलेगी स्पेशल रोडवेज बस:पूरे सावन महीने चलाई जाएगी; शिवभक्तों को मिलेगा फायदा
फतेहाबाद रोडवेज प्रशासन की ओर से सावन महीने में हरिद्वार के लिए स्पेशल बस चलाई जाएगी। यह बस आज शाम से रवाना होगी। सबसे पहले बस शाम 5 बजे फतेहाबाद से पहले सिरसा जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे वापस फतेहाबाद आएगी। फिर यहां से सीधे हरिद्वार के लिए रवाना होगी। इससे शिवभक्तों को बड़ी राहत मिलेगी। बता दें कि, इससे पहले पूरे दिन में फतेहाबाद से सीधी हरिद्वार के लिए एक ही रोडवेज बस चल रही है। मगर अब एक और बस चलने से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। यह बस हिसार, हांसी, जींद, पानीपत के रास्ते होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगी। 530 रुपए रहेगा एक तरफ का किराया फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक इंचार्ज शिवदयाल नापा ने बताया कि फतेहाबाद से हरिद्वार तक का एक तरफ का किराया प्रति सवारी 530 रुपए होगा। सावन महीने में हरिद्वार जाने वाले लोगों की संख्या ज्यादा होती है। इसलिए उनकी सुविधा को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने स्पेशल परमिट लिया है। यह बस पूरे सावन महीने रोजाना फतेहाबाद से हरिद्वार के लिए चलेगी। वापसी में सुबह 10.30 बजे चलेगी शिवदयाल नापा ने बताया कि वापसी में बस हरिद्वार बस स्टैंड से सुबह 10.30 बजे फतेहाबाद के लिए रवाना होगी। वापसी का भी वही रूट रहेगा। पानीपत, जींद, हांसी, हिसार होते हुए वापस शाम को करीब 6.30 बजे फतेहाबाद बस स्टैंड पर पहुंचेगी। कांवड़ियों और हरिद्वार में गंगा स्नान करने जाने वाले यात्रियों की सुगमता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।