sports
नीरज को सिल्वर, यशवीर को ब्रॉन्ज; तेजस्विन ने डेकाथलन में दिलाया भारत को पहला मेडल

CWC 2026: भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का नौवां दिन शानदार रहा. एक ओर स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज जीतकर भारत को डबल मेडल दिलाया. दूसरी ओर तेजस्विन शंकर ने डेकाथलन में पदक जीतकर भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह कॉमनवेल्थ गेम्स के डेकाथलन में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए.
दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का थ्रो
पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल में ठंडे मौसम और तेज हवाओं के बीच मुकाबला खेला गया. नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में 80.97 मीटर का थ्रो किया. इसके बाद दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का शानदार थ्रो फेंककर पदक की मजबूत दावेदारी पेश की. हालांकि श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 89.75 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. नीरज को सिल्वर से संतोष करना पड़ा.
यशवीर भी रहें तीसरे स्थान पर
वहीं भारत के यशवीर सिंह ने आखिरी प्रयास में कमाल दिखाया. उन्होंने 85.41 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो करते हुए सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगा दी और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया. भारत के रोहित यादव भी टॉप-8 में पहुंचे, लेकिन पदक से चूक गए. इस प्रदर्शन के साथ भारत ने जैवलिन थ्रो में 2-3 फिनिश करते हुए दो पदक अपने नाम किए.
डेकाथलन में आया पहला मेडल
इसी दिन तेजस्विन शंकर ने डेकाथलन में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पहला कॉमनवेल्थ गेम्स पदक जीता. दौड़, कूद और थ्रो जैसे दस अलग-अलग इवेंट्स वाली इस कठिन स्पर्धा में उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया. तेजस्विन की यह सफलता भारतीय एथलेटिक्स की बढ़ती ताकत का संकेत है और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी. उन्होंने पुरुष डेकाथलॉन स्पर्धा में 7976 अंक हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया और इस इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. दो दिनों तक चली 10 स्पर्धाओं वाली इस कठिन प्रतियोगिता में तेजस्विन ने पुरानी घुटने की चोट के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया.
भारत ने जीते अबतक 23 मेडल
नीरज, यशवीर और तेजस्विन के दमदार प्रदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका को और मजबूत कर दिया. वहीं नौवे दिन ही जूडो में अस्मिता डे और हर्ष सिंह के गोल्ड के बाद 57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में यामिनी मौर्या इंग्लैंड की असेल्या टोपरैक से हार गईं. उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा. इसी के साथ भारत का 9वें दिन तक कुल पदकों की संख्या 23 तक पहुंच गई.
खेल मंत्री ने की सराहना
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर नीरज चोपड़ा, यश वीर सिंह और तेजस्विन शंकर को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय एथलीटों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में इतिहास रच दिया है. उन्होंने इसे गर्व का पल बताया और खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और देश के लिए उनकी उपलब्धियों की सराहना की.
Also Read: श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले माही की शरण में पहुंचे ऋषभ पंत, अहम मुकाबलों से पहले धोनी के साथ की ट्रेनिंग